Tuesday, March 31, 2026

सलाखों में घूसखोर: बिजली विभाग का जेई 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

लेखक: Jagran Today | Category: ताजा खबर | Published: January 30, 2026

सलाखों में घूसखोर: बिजली विभाग का जेई 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 नलकूप के कनेक्शन का एस्टीमेट तैयार करने के बदले किसान से मांगी थी घूस

विकास श्रीवास्तव, बदायूं

जनपद बदायूं में शुक्रवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) टीम ने बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोच लिया। जेई ने नलकूप के बिजली कनेक्शन का एस्टीमेट तैयार करने के बदले किसान से 20 हजार रुपये मांगे थे। आरोपी के खिलाफ बदायूं के सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

एंटी करप्शन बरेली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने बताया कि बदायूं के थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम करोलिया निवासी किसान अमरजीत सिंह अपनी मां के नाम नलकूप का कनेक्शन लेना चाहते हैं। इसका एस्टीमेट बनाने के एवज में बदायूं के विद्युत वितरण खंड प्रथम ढाक वाली ज्यारत उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता प्रदीप बाबू भारती ने घूस में 20 हजार रुपये मांगे थे। अमरजीत के कई बार चक्कर लगाने के बावजूद जेई ने एस्टीमेट नहीं बताया तो उन्होंने इसकी शिकायत बरेली एंटी करप्शन कार्यालय में कर दी। एंटी करप्शन ने अपने स्तर से जांच कराई तो आरोप सही पाया गया। इसके बाद आरोपी जेई को रंगेहाथ पकड़ने की योजना बनाई गई।

योजना के अनुसार शुक्रवार दोपहर 12:10 बजे अमरजीत ने ग्राम रसूलपुर बिलहरी में लगे बिजली बिल बकाया जमा कैंप में जाकर जेई प्रदीप बाबू को घूस के 20 हजार रुपये दिए। तभी वहां मौजूद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने जेई को मौके पर रकम लेते रंगेहाथ दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को बदायूं शहर के सिविल लाइन थाने ले जाया गया। जहां आरोपी जेई प्रदीप बाबू भारती के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

आरोपी जेई प्रदीप बाबू भारती शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला एमएनजई जलालनगर का मूल निवासी है। वर्तमान में वह बरेली की बन्नूवाल नगर रह रहा है। प्रदीप बाबू बदायूं में विद्युत वितरण खंड प्रथम ढाक वाली ज्यारत बिजली उपकेंद्र पर तैनात है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.