Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS तुलसई खुर्द के प्रधानाध्यापक ने बीएसए कार्यालय के बाबू पर रिश्वत लेकर भुगतान करने का लगाया आरोप, मुख्यमंत्री पोर्टल पर की शिकायत

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 10, 2026

 KASGANJ NEWS तुलसई खुर्द के प्रधानाध्यापक ने बीएसए कार्यालय के बाबू पर रिश्वत लेकर भुगतान करने का लगाया आरोप, मुख्यमंत्री पोर्टल पर की शिकायत


जागरण टुडे, कासगंज।

जनपद कासगंज के बेसिक शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। विकास खंड कासगंज के ग्राम तुलसई खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने विभागीय कर्मचारियों पर एरियर भुगतान के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।



मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत में प्राथमिक विद्यालय तुलसई खुर्द के प्रधानाध्यापक चैतन्य कुमार ने बताया कि उनका एरियर भुगतान लंबे समय से लंबित है। कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। आरोप है कि बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखा अनुभाग में तैनात बाबू बिना रिश्वत लिए भुगतान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाते।



प्रधानाध्यापक का कहना है कि यह समस्या केवल उनके साथ नहीं है, बल्कि जिले के कई अन्य शिक्षकों से भी एरियर और अन्य भुगतानों के बदले रिश्वत ली जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक “सुविधा शुल्क” नहीं दिया जाता, तब तक फाइलें जानबूझकर रोकी जाती हैं, जिससे शिक्षक मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं।

शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम लग सके। साथ ही उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि लंबित एरियर भुगतान शीघ्र कराया जाए।

इस मामले को लेकर जब शिक्षा विभाग के अधिकारियों से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका। हालांकि सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद उच्च स्तर से मामले की जांच के निर्देश दिए जा सकते हैं।

शिक्षकों का कहना है कि यदि इस तरह के मामलों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो विभाग में भ्रष्टाचार की जड़ें और मजबूत होंगी, जिसका सीधा असर शिक्षा व्यवस्था पर पड़ेगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.