जागरण टुडे, कासगंज।
शिवरात्रि महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद कासगंज के लहरा गंगा घाट पर जिले के आला अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। पुलिस कप्तान अंकिता शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी सदर आँचल चौहान, सदर एसडीएम संजीव कुमार, कोतवाल जगदीश चंद्र सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने गंगा घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेले में तैनात किए जाने वाले पुलिस बल, होमगार्ड्स एवं अन्य कर्मचारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस कप्तान अंकिता शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिवरात्रि मेले के दौरान किसी भी कावड़ यात्री या श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
क्षेत्राधिकारी आँचल चौहान ने घाट पर आने-जाने वाले मार्गों, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सदर एसडीएम संजीव कुमार ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा, ताकि शिवरात्रि मेला सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
गौरतलब है कि कासगंज जनपद के लहरा गंगा घाट पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिवरात्रि मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में कावड़ यात्री एवं श्रद्धालु गंगा स्नान एवं जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा तैयारियां पूरी मुस्तैदी के साथ की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर तैनात सभी कर्मियों को वहां की भौगोलिक स्थिति, संभावित भीड़ दबाव वाले स्थानों एवं सुरक्षा से जुड़ी बारीकियों की जानकारी दी। सभी अधिकारियों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि शिवरात्रि मेला श्रद्धा, शांति और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाएगा।