Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ :​"जज्बा हो तो ऐसा! किसान के बेटे ने दूसरे प्रयास में भेदा यूपीएससी का किला, मिली 532वीं रैंक"

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 7, 2026

KASGANJ :​"जज्बा हो तो ऐसा! किसान के बेटे ने दूसरे प्रयास में भेदा यूपीएससी का किला, मिली 532वीं रैंक"

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती और न ही इसे संसाधनों की कमी रोक सकती है। जनपद की पटियाली तहसील के गांव नगला मौजी के एक साधारण किसान के बेटे अभिषेक कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 532वीं रैंक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। अभिषेक की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे गांव में जश्न मनाया जा रहा है।


दूसरे प्रयास में हासिल किया लक्ष्य

​नगला मौजी निवासी बृजेंद्र मोहन यादव के पुत्र अभिषेक कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा (कक्षा 1 से 12वीं तक) सीपी विद्या निकेतन, कायमगंज (फर्रुखाबाद) से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से मैनेजमेंट में स्नातक (Graduation) किया। स्नातक के बाद ही उन्होंने दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी। साल 2024 में अपने पहले प्रयास में असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी कमियों को सुधारते हुए दूसरे प्रयास में सफलता का परचम लहरा दिया।


पिता किसान तो माता है शिक्षका

​अभिषेक के पिता बृजेंद्र मोहन यादव किसान हैं और मात्र तीन एकड़ खेती की जमीन से परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी माता रेखा यादव कंपोजिट विद्यालय रतनपुर ढोंढ़पुर में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। अभिषेक की छोटी बहन प्रतिष्ठा और पूरा परिवार उनकी इस सफलता पर गौरवान्वित है।

ग्रामीण समस्याओं के समाधान की 'टीस' बनी प्रेरणा

​अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए अभिषेक ने बताया कि ग्रामीण परिवेश में रहने के कारण उन्होंने जमीनी स्तर की समस्याओं को बहुत करीब से देखा है। उन्होंने कहा:

​"मन में हमेशा एक टीस रहती थी कि ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कैसे हो। मुझे लगा कि प्रशासनिक सेवा में जाकर ही मैं इन समस्याओं को दूर करने के लिए ठोस कदम उठा सकता हूँ। इसी सोच ने मुझे हर कठिन मोड़ पर मोटिवेशन दिया।"

​अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और शुभचिंतकों के सहयोग को दिया है। वर्तमान में उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और क्षेत्र के लोग इसे समूचे जनपद के लिए गौरव का विषय बता रहे हैं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.