जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद कासगंज के ग्राम मौजी नगला के होनहार युवा अभिषेक यादव ने देश की प्रतिष्ठित सिविल सर्विस परीक्षा में 532वीं रैंक हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव और पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। अभिषेक यादव की सफलता से क्षेत्र के युवाओं में भी नई प्रेरणा और उत्साह देखने को मिल रहा है।
अभिषेक यादव की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर समाजसेवी एवं अधिवक्ता अब्दुल हफीज गांधी मंगलवार को ग्राम मौजी नगला पहुंचे। उन्होंने अभिषेक यादव का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने अभिषेक के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसके माता-पिता का त्याग, परिश्रम और अच्छे संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि अभिषेक यादव की यह उपलब्धि पूरे जनपद कासगंज के लिए गर्व का विषय है। देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक सिविल सर्विस परीक्षा में सफलता प्राप्त करना आसान नहीं होता। इसके लिए वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और धैर्य की आवश्यकता होती है। अभिषेक ने अपनी लगन और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि अभिषेक यादव जैसे प्रतिभाशाली और मेहनती युवा समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होते हैं। क्षेत्र के युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर अपने जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने चाहिए और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अभिषेक यादव प्रशासनिक सेवा में रहते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ आम जनता की सेवा करेंगे।
इस अवसर पर रतनपुर फतियां ग्राम प्रधान अभय सिंह यादव, मास्टर इंद्रजीत सिंह, मास्टर रामेश्वर दयाल, राम किशोर, अनिल कुमार प्रधान, अजय दरोगा, गया सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अभिषेक यादव को उनकी इस सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।