जागरण टुडे, कासगंज
उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) की एक बैठक नगर पालिका परिसर गंजडुंडवारा में जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र वार्ष्णेय की मौजूदगी में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा फूड लाइसेंस को आजीवन मान्यता देने के निर्णय का व्यापारियों ने स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक फैसला बताया।
बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) की लंबे समय से चली आ रही मांग को सरकार ने स्वीकार किया है। इस निर्णय से व्यापारियों को बार-बार लाइसेंस रिन्यू कराने और कागजी कार्यवाही की झंझट से राहत मिलेगी।
नगर अध्यक्ष राम कुमार गुप्ता ने इसे व्यापारियों के लिए राहतभरा कदम बताते हुए कहा कि इससे छोटे और मध्यम व्यापारियों को काफी सहूलियत मिलेगी। वहीं महामंत्री उदित विजयवर्गीय और शाहिद पोपुलर ने कहा कि यह फैसला न केवल व्यापारियों के लिए राहत लेकर आया है, बल्कि इससे ‘ईजी ऑफ डूइंग बिजनेस’ को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में व्यापार मंडल गंजडुंडवारा नगर के कोषाध्यक्ष गौरव गुप्ता के शिक्षक के रूप में चयन होने पर पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वही इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र वार्ष्णेय ने अपने संबोधन में बताया कि आने वाले समय में कासगंज में जिला स्तरीय व्यापार सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले भर के व्यापारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
बैठक में नगर अध्यक्ष राम कुमार गुप्ता, महामंत्री उदित विजयवर्गीय व शाहिद पोपुलर, कोषाध्यक्ष गौरव गुप्ता, सोमवीर सिंह, मुददसिर, हसीबुल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।