नवरात्र में 1,228 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र, 1097 महिलाएं शामिल
लखनऊ। नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1,228 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। लोकभवन में हुए इस आयोजन को उन्होंने महिला सशक्तीकरण और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों में 1,097 महिलाएं शामिल हैं, जो यह दर्शाता है कि प्रदेश में बेटियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज करा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योग्य युवाओं को बिना किसी सिफारिश या लेन-देन के रोजगार मिले।
उन्होंने पूर्ववर्ती व्यवस्थाओं पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का अभाव था और पदों के लिए अनियमितताएं सामने आती थीं। वर्तमान सरकार ने इस व्यवस्था को बदलते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी प्रणाली लागू की है, जिससे प्रतिभाशाली युवाओं को समान अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने नर्सिंग क्षेत्र की बढ़ती मांग पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत ही नहीं, बल्कि जापान और जर्मनी जैसे देशों में भी भारतीय नर्सिंग पेशेवरों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में युवाओं को नर्सिंग के साथ-साथ विदेशी भाषाओं का ज्ञान प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।
स्वास्थ्य सेवाओं में हुए सुधारों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश में बंद पड़े 35 एएनएम प्रशिक्षण केंद्रों को दोबारा शुरू किया गया है, जबकि 31 नए नर्सिंग कॉलेज निर्माणाधीन हैं। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ योजना के तहत चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।
डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए राज्य में 9.25 करोड़ लोग यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज से जुड़े हैं और 14.28 करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ आईडी (आभा) जारी की जा चुकी हैं। साथ ही 976 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टेलीमेडिसिन सुविधा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर इलाज संभव हो सका है।
चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। एमबीबीएस सीटों की संख्या 5,390 से बढ़ाकर 12,700 और पीजी सीटों को 1,221 से बढ़ाकर 5,056 किया गया है। नर्सिंग और पैरामेडिकल सीटों में भी बढ़ोतरी की गई है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय की उपलब्धि का भी उल्लेख किया, जिसने एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 में देश में आठवां स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को लगातार सशक्त बनाया जा रहा है, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।