शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र में मक्का खरीदने के विवाद में छोटे भाई ने अपने बेटे के साथ बड़े भाई और भतीजी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात निगोही के मोहल्ला आदर्श नगर में मंगलवार सुबह 6:00 बजे हुई।
आदर्श नगर निवासी श्रीपाल (47) का उसके छोटे भाई गुड्डू से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच अक्सर छोटी-मोटी बातों पर कहासुनी होती रहती थी। दोनों भाई सरसों का तेल पेरने वाला कोल्हू चलाते थे।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को दोनों भाइयों में मक्का खरीदने को लेकर विवाद हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि खूनी संघर्ष में बदल गया। मंगलवार तड़के दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाइसेंसी और नाजायज हथियारों से फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से श्रीपाल और उसकी 20 वर्षीय बेटी सती की मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
दाम बढ़ाकर माल खरीदने पर हुआ विवाद
श्रीपाल और गुड्डू की दुकानें आसपास में ही है। दोनों का काम भी एक ही होने से उनके बीच आपस में प्रतिस्पर्धा चलती रहती थी। बताते हैं कि सोमवार को गुड्डू ने एक व्यापारी से मक्का का सौदा किया था। श्रीपाल ने दाम बढ़ाकर उसी व्यापारी से मक्का खरीद ली थी। इसी बात से गुड्डू नाराज था। इसे लेकर दोनों के बीच काफी कहासुनी भी हुई थी।