जागरण टुडे, कासगंज।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नौरथा में एक नाबालिग किशोरी और उसके प्रेमी युवक द्वारा जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान युवक मौका पाकर फरार हो गया। इस मामले में किशोरी के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नौरथा गांव निवासी 22 वर्षीय हरीश पुत्र अमर सिंह का गांव की ही रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी के साथ पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग समाज से होने के कारण परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। परिजनों की असहमति से नाराज होकर दोनों ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह दोनों खेतों की ओर गए, जहां उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसकी जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तत्काल दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। उपचार के बाद दोनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
इसी बीच युवक हरीश को पुलिस के आने की भनक लग गई, जिसके बाद वह अस्पताल से फरार हो गया। इस घटना के बाद किशोरी के परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने प्रेमजाल में फंसाया और उसे इस कदम के लिए उकसाया।
परिजनों ने सदर कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार युवक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।