जागरण टुडे, कासगंज
थाना क्षेत्र पटियाली के नगला बक्सी पेट्रोल पंप के समीप सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र राजा का रामपुर (जिला एटा) के गांव पहरईयाँ निवासी विकल कुमार (28) पुत्र दिनेश चंद्र सोमवार रात करीब 8 बजे बाइक से किसी निजी कार्य से जा रहे थे। तभी नगला बक्सी पेट्रोल पंप के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रोले ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विकल कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। वहीं सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक अपने पीछे पत्नी मालती देवी और तीन छोटे बच्चों—राम कुमार (5 वर्ष), भूरी (3 वर्ष) व एक वर्षीय बेटी माधुरी—को छोड़ गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
वही जानकारी अनुसार परिजनों की ओर से अभी तक थाना पटियाली में कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।