जागरण टुडे,कासगंज।
थाना कासगंज क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मुबारकपुर सिंगतरा में एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे गांव के 12 वर्षीय बालक हेमंत कुमार पुत्र हरीसिंह की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, हेमंत गांव के एक विद्यालय में कक्षा 7 का छात्र था। शुक्रवार दोपहर वह खेलने के लिए खेतों की ओर चला गया था। उसी खेत में गांव के तोताराम का ट्रैक्टर खड़ा था, जिसकी चाबी चालक अनजाने में ट्रैक्टर में ही लगी छोड़ गया था। हेमंत खेलते-खेलते ट्रैक्टर पर चढ़ गया और मासूमियत में उसने ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया। ट्रैक्टर चालू होते ही वह असंतुलित होकर नीचे गिर गया और पहियों के नीचे आ गया।
खेत में काम कर रहे किसानों ने यह दृश्य देखा तो तुरंत दौड़ पड़े। उन्होंने बच्चे को ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर तत्काल जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हेमंत अपने माता-पिता की चार संतानों में इकलौता बेटा था। उसके पिता हरीसिंह मजदूरी करते हैं। मां सावित्री देवी और तीन बहनें — खुशबू, पायल और शिवानी — हादसे के बाद से बेसुध हैं। बताया गया कि हादसे के वक्त गांव में मूर्ति स्थापना कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य शामिल थे और हेमंत घर पर अकेला था।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।