-सदर कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच, कैथ निवासी युवक आए दिन करता है मारपीट और रंगदारी की वसूली
जागरण टुडे, कासगंज।
जिले में दबंगई और भाईगिरी का बोलबाला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक युवक की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वह कमर में तमंचा लगाए हुए नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह युवक सहावर गेट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव कैथ का रहने वाला है, जिसका नाम पंकज उर्फ मटनची बताया जा रहा है। युवक की इस तस्वीर के वायरल होने के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंकज उर्फ मटनची लंबे समय से क्षेत्र में भय और दबंगई का माहौल बनाए हुए है। आए दिन वह लोगों से मारपीट करता है और रंगदारी के नाम पर अवैध वसूली करता है। बताया गया है कि कई बार इस युवक की दबंगई की शिकायतें पुलिस तक भी पहुंची हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
फोटो वायरल होने के बाद सदर कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वायरल फोटो की सत्यता की जांच की जा रही है और युवक की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि फोटो में दिख रहा युवक वही है जो क्षेत्र में गुंडई फैलाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में अमन-चैन बहाल हो सके और आम जनता भयमुक्त होकर रह सके।