कासगंज — परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम, परिवार में मचा कोहराम
जागरण टुडे, कासगंज।
शहर के गांव ममों स्थित पोस्टमार्टम गृह के बाहर चाय का खोखा रखकर जीवन-यापन कर रहे 71 वर्षीय वृद्ध की सर्पदंश से मौत हो गई। वृद्ध की पहचान अमांपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भवूपुरा निवासी शिशुपाल सिंह के रूप में हुई है। वे पिछले पांच वर्षों से पोस्टमार्टम गृह के बाहर चाय का खोखा लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
मृतक के पुत्र नीतेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात शिशुपाल सिंह हमेशा की तरह अपने खोखे के पास बने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात करीब दो बजे उन्हें सर्प ने डस लिया। जब उनकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन घबरा गए और तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद वृद्ध को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। परिजनों के आग्रह पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में सर्पदंश की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।
मृतक शिशुपाल सिंह अपने पीछे दो पुत्रों और पत्नी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों ने भी गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि शिशुपाल मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। वे पिछले कई वर्षों से पोस्टमार्टम गृह के बाहर आने-जाने वालों को चाय-नाश्ता परोसते थे और इसी से अपना गुजारा करते थे।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल व पोस्टमार्टम गृह के आस-पास सांप और विषैले जीव-जंतुओं के नियंत्रण के लिए नियमित रूप से सफाई और फॉगिंग कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की कोई घटना न घटे।