जागरण टुडे, कासगंज/सोरों।
भगवान वराह की पावन धरती सोरों शूकरक्षेत्र में आयोजित होने वाली प्रसिद्ध पंचकोसी परिक्रमा की तैयारियाँ प्रारंभ हो गई हैं। आगामी 1 दिसंबर 2025 को होने वाली इस भव्य परिक्रमा को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और उससे जुड़े संगठनों ने समन्वय व आयोजन कार्यों की रूपरेखा तय करनी शुरू कर दी है।
इस क्रम में विभाग संघ चालक उमाशंकर जी के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभाग प्रचारक कुलदीप जी, जिला प्रचारक आर्येंद्र , आकाश, परिक्रमा संयोजक डॉ. राधाकृष्ण दीक्षित सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वप्रथम परिक्रमा मार्ग के अवलोकन हेतु एक विशेष समिति का गठन किया गया, जो कल पूरे मार्ग का निरीक्षण करेगी। इसके बाद परिक्रमा आयोजन की रूपरेखा तय की गई। पिछले वर्ष की भांति इस बार भी एटा और कासगंज दोनों जिलों को मिलाकर एक संचालन समिति बनाई जाएगी, जो समस्त व्यवस्थाओं का संचालन करेगी।
तैयारियों की दिशा में अगला बड़ा आयोजन 7 नवंबर 2025 को सूरज प्रसाद डागा कॉलेज, कासगंज में किया जाएगा। इसमें दोनों जिलों के प्रमुख कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
परिक्रमा के प्रचार-प्रसार के लिए भी विस्तृत योजना तैयार की गई है। इसके तहत कार्यकर्ता 9 नवंबर से घर-घर संपर्क अभियान चलाएँगे, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को परिक्रमा में सम्मिलित किया जा सके। इसके अतिरिक्त, प्रदेश के प्रमुख संतों एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शकों से संपर्क स्थापित करने की योजना भी बनी है।
बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं उपस्थित हुए थे। इस बार दस लाख श्रद्धालुओं का लक्ष्य रखा जाएगा।