Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News- फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर विधवा-वृद्धा पेंशन के 1.23 करोड़ रुपये हड़पे, चार गिरफ्तार

लेखक: Jagran Today | Category: ताजा खबर | Published: November 5, 2025

Bareilly News- फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर विधवा-वृद्धा पेंशन के 1.23 करोड़ रुपये हड़पे, चार गिरफ्तार

जागरण टुडे, बरेली

जनपद बरेली के आंवला थाना पुलिस ने सरकारी योजनाओं में फर्जीवाड़ा कर करोड़ों रुपये की धनराशि हड़पने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गिरोह के चार सदस्यों हरीश कुमार, शांति स्वरूप, मुनीष और प्रमोद को गिरफ्तार किया है।

एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि शहर के थाना इज्जतनगर निवासी शिकायतकर्ता यासमीन जहां ने दिए प्रार्थना-पत्र के आधार पर की गई जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह सीधी-सादी महिलाओं को सरकारी योजनाओं और “पैसा डबल” स्कीम का लालच देकर उनके आधार कार्ड और जरूरी दस्तावेज हासिल करता था। इसके बाद इन जीवित व्यक्तियों के फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर उन्हें विधवा और वृद्धावस्था पेंशन का लाभार्थी दिखाया जाता था। सरकारी धनराशि को आरोपियों और उनके परिचितों के खातों में ट्रांसफर कराया जाता था।

गिरोह ने किया 1.23 करोड़ का गबन

पुलिस की जांच में सामने आया कि वर्ष 2021 से अब तक गिरोह ने 56 लोगों के नाम पर विधवा पेंशन और 02 लोगों के नाम पर वृद्धावस्था पेंशन का फर्जी भुगतान दिखाया। इस दौरान करीब 1 करोड़ 23 लाख 22 हजार 647 की धनराशि गबन की गई।

सरकारी योजनाओं का लालच देकर लोगों से लेते थे आधार कार्ड  

गिरोह के सदस्य प्रमोद और उसके साथी लोगों को सरकारी योजनाओं का लालच देकर आधार कार्ड एकत्र करते थे। हरीश कुमार अपने जनसेवा केंद्र (ग्राम बिलौरी) से असली कागजातों के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। शांति स्वरूप और मुनीष क्षेत्र में लोगों को बहला-फुसलाकर दस्तावेज जुटाकर हरीश को सौंपते थे। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पेंशन राशि उनके खातों में डाली जाती थी।

अब तक 7 बैंक खातों के माध्यम से निकाली रकम

पुलिस को जांच में पता चला कि गिरोह ने अब तक 7 बैंक खातों के माध्यम से यह रकम निकाली। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्रों की छायाप्रतियां बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आंवला थाना क्षेत्र की बसंत बिहार कॉलोनी निवासी हरीश कुमार पुत्र चंद्रपाल, मोहल्ला शास्त्री गली शांतिस्वरूप पुत्र मलखान, ग्राम बिलौरी निवासी मुनीष पुत्र हीरालाल, थाना भमोरा के गांव सेंधा निवासी प्रमोद पुत्र भीकमलाल शामिल हैं। 

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश बाबू मिश्रा, सचिन कुमार, अमरीश शर्मा, राजेश रावत, इंद्रपाल सिंह, तथा कांस्टेबल अमरेश कुमार, शिवराम, कुलदीप कुमार, हरिओम और राजेंद्र कुमार शामिल रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.