गाजियाबाद में तैनाती के दौरान महिला से दुष्कर्म और धोखे से विवाह करने के आरोप में जनपद बरेली के थाना नवाबगंज की कुंडरा कोठी पुलिस चौकी प्रभारी जय सिंह निगम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई गाजियाबाद में दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई है। फिलहाल आरोपी दरोगा के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
गाजियाबाद में तैनाती के दौरान हुई थी पहचान
जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक जय सिंह निगम की कुछ समय पहले तक तैनाती गाजियाबाद के साहिबाबाद थाने में थी। तैनाती के दौरान उनकी पहचान शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की एक महिला से हुई थी।
महिला ने आरोप लगाया है कि जांच के बहाने दरोगा उसे कई बार अलग-अलग स्थानों पर लेकर गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का यह भी कहना है कि दरोगा ने खुद को अविवाहित बताते हुए मंदिर में विवाह किया, लेकिन बाद में उसे पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है।
विवाह के बाद भी नहीं रखा अपने साथ
महिला के अनुसार, विवाह का झांसा देने के बाद भी आरोपी दरोगा ने उसे अपने साथ नहीं रखा और लगातार टालमटोल करता रहा। जब महिला ने इस बारे में जानकारी जुटाई, तो उसे दरोगा की पहली शादी के बारे में पता चला। इसके बाद पीड़िता ने साहिबाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मुकदमा दर्ज, एसएसपी ने की त्वरित कार्रवाई
महिला की तहरीर के आधार पर दुष्कर्म और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जानकारी बरेली पुलिस प्रशासन तक पहुंचने पर एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से दरोगा जय सिंह निगम को निलंबित कर दिया।
पुलिस विभाग ने मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है और गाजियाबाद पुलिस से भी रिपोर्ट तलब की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।