जागरण टुडे, कासगंज।
लायंस क्लब कासगंज द्वारा दिव्यांगजन की सेवा और सहयोग को समर्पित निशुल्क दिव्यांग चिकित्सा सेवा शिविर का आयोजन आगामी 13 दिसंबर, शनिवार को किया जा रहा है। यह शिविर प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक रानी लक्ष्मीबाई कम्युनिटी हॉल, प्रभु पार्क के पास, नदरई गेट, कासगंज में आयोजित होगा।
इस चिकित्सा शिविर का मुख्य उद्देश्य पैरों से विकलांग व्यक्तियों, पैरालिसिस से पीड़ित बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को चिकित्सा परामर्श एवं सहायता प्रदान करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष रूप से कृत्रिम पैर (अंग) प्रत्यारोपण की प्रक्रिया के लिए पात्र दिव्यांग व्यक्तियों का पंजीकरण किया जाएगा। यह पहल लायंस क्लब की सामाजिक प्रतिबद्धता और मानव सेवा की भावना को दर्शाती है, जिससे दिव्यांगजन को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
लायंस क्लब के सचिव विजय राजपूत ने बताया कि शारीरिक रूप से पैरों से विकलांग व्यक्तियों के लिए कृत्रिम पैर लगवाना उनके जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकता है। यह न केवल उनकी दैनिक गतिविधियों में सुविधा प्रदान करता है, बल्कि आगे बढ़ने के लिए आत्मविश्वास भी बढ़ाता है। उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले दिव्यांगजन का पंजीकरण समय से किया जाएगा ताकि प्रत्येक व्यक्ति तक सेवा सुचारू रूप से पहुंच सके।
उन्होंने सभी लाभार्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय पर शिविर स्थल पर उपस्थित होकर रजिस्ट्रेशन अवश्य कराएं ताकि उन्हें कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण जैसी महत्वपूर्ण सुविधा का लाभ मिल सके। साथ ही क्लब के सभी सदस्यों से भी अनुरोध किया गया है कि वे कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे अधिक सफल बनाने में सहयोग दें।
लायंस क्लब कासगंज का यह कार्यक्रम समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है, जो जरूरतमंद दिव्यांगजन को नई उम्मीद और बेहतर जीवन की दिशा प्रदान करेगा।