जालसाजों ने न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर महिला और उसके परिजनों से 24.49 लाख रुपये की ठगी कर ली। इनके अलावा लाखों रुपये खर्च करा दिए। ठगी का एहसास होने पर रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। एसपी के आदेश पर गजरौला पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जनपद पीलीभीत के गजरौला थाने में दी गई तहरीर में ग्राम विशनपुर उर्फ ग्रांट नंबर दो निवासी पिंकी कौर पत्नी शमशेर सिंह ने बताया कि उनकी जान पहचान बनबसा (उत्तराखंड) के ग्राम गाविगोथ पोस्ट चंदानी निवासी जरनैल सिंह सिंह से थी। जरनैल सिंह विदेश भेजकर लोगों को नौकरी दिलाने का काम करता है। आरोपी ने उन्हें विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आश्वस्त किया कि वह अपने साथियों की मदद से पीड़िता के परिवार को वर्क वीजा दिलाकर न्यूजीलैंड भिजवा देगा। इसके लिए 40 लाख रुपये की मांग की गई। इसके बाद 30 लाख रुपये में सौदा तय किया गया।
2 अगस्त 2023 को जरनैल सिंह के कहने पर उन्होंने आरोपी की बहन गुडगांव के पार्षनाथ एक्सोटिका गोल्फ कोर्स रोड निवासी इंद्रपाल कौर पत्नी अभिषेक भंसाली के खाते में यूपीआई के माध्यम से 25 हजार हजार रुपये, उसी साल 28 मार्च को आरटीजीएस के माध्यम से 2.50 लाख रुपये, 29 मार्च को यूपीआई के माध्यम से एक लाख रुपये, सात अक्टूबर 2023 को 85 हजार रुपये, 13 अक्टूबर को 1.5 लाख रुपये, 14 अक्टूबर को 64 हजार, 26 अक्टूबर को 60 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। 12 अक्टूबर 2023 को जरनैल सिंह के खाते में 1.5 लाख रुपये, दूसरे दिन 13 अक्टूबर को जरनैल सिंह के कहने पर उसके बहनोई अभिषेक के खाते में 75 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। ये सभी ट्रांजेक्शन पीड़िता के आईडीबीआई शाखा पीलीभीत के खाते से किए गए थे।
इसके अलावा भी कई ट्रांजेक्शन किए गए। कुल 24.49 लाख रुपये दिए गए। इसके बाद इंद्रपाल कौर व अभिषेक भंसाली ने वीजा तैयार कर भेजा था। उन्हें न्यूजीलैंड के तीन एयरटिकट (3.52 लाख रुपये के) 12 फरवरी 2024 को खरीदवाए। 14 फरवरी 2024 को उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर बुलवाया। वह अपने पुत्र सिमरनजीत सिंह के साथ पहुंच गई। इस पर इंद्रपाल कौर ने कॉल कर बताया कि वीजा में कुछ समस्या आ गई है। इसलिए कुछ दिन रहना पड़ेगा। आरोपियों ने गुड़गांव के होटल इलाइट मिलेनियम में बुलवाया और जब वह पहुंची तो वहां पर एक कमरा बुक किए जााने की बात कही। कहा कि जब वीजा क्लीयर हो जाएगा तो न्यूजीलैंड भेज देंगे।
कुछ दिन बाद ठगी का शक होने पर जरनैल सिंह से पूछा तो उसने दो-चार दिन में वीजा मिलने की बात कह दी। काफी समय बाद भी जब काम नहीं हुआ ते ठगी का यकीन हो गया। उन्होंने आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी दे दी। इसके बाद न तो रुपये लौटाए और न ही विदेश भेजा। गजरौला पुलिस ने मामले में बनबसा उत्तराखंड के गाविगोथ पोस्ट चंदानी के निवासी जरनैल सिंह, उसकी बहन इंद्रपाल कौर, बहनोई अभिषेक भंसाली और शैलेजा सिंह चार आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
वीजा के इंतजार में डेढ़ माह तक होटल में ठहरे
पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने होटल में ठहराते वक्त कहा था कि उन्होंने कमरा बुक करा दिया है, जिसका बिल भी वहीं देंगे, लेकिन करीब डेढ़ माह तक वह होटल में रुकी और होटल का बिल 99363 रुपये खुद देकर वापस आई। इसके अलावा टिकट, हेटल, मेडिकल आदि के नाम पर भी कुल 467863 रुपये अतिरिक्त खर्चा करा दिया गया। 31 दिसंबर 2025 को दिल्ली में दस लाख इंद्रपाल कौर कासे दिए थे। इन रुपयों को भी वापस नहीं किया गया।
विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का मामला संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। विवेचना कराई जा रही है। साक्ष्य के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - बृजवीर सिंह, एसओ गजरौला