जागरण टुडे,कासगंज। जनपद ने डिजिटल सेवा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रमाणपत्रों के निस्तारण में कासगंज ने उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जनवरी 2026 के दौरान कासगंज ने 97.53 प्रतिशत निस्तारण दर दर्ज करते हुए प्रदेश में सर्वाधिक प्रमाणपत्र निस्तारित करने वाला जनपद बनने का गौरव हासिल किया।
ई-डिस्ट्रिक्ट उत्तर प्रदेश सरकार का महत्वपूर्ण डिजिटल सेवा पोर्टल है, जिसके माध्यम से नागरिक आय, जाति, निवास सहित विभिन्न आवश्यक प्रमाणपत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, उनकी स्थिति ट्रैक कर सकते हैं और प्रमाणपत्र डाउनलोड भी कर सकते हैं।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह के कुशल नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन में जनपद प्रशासन द्वारा सुनियोजित कार्यप्रणाली, नियमित समीक्षा और प्रभावी निगरानी के चलते यह उत्कृष्ट परिणाम संभव हो सका। प्रशासनिक अमले की तत्परता और जवाबदेही ने आम नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित कीं।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अंसुल माहेश्वरी ने बताया कि जनवरी 2026 में प्राप्त अधिकांश ऑनलाइन आवेदनों का समयसीमा के भीतर निस्तारण किया गया, जिससे निस्तारण दर 97.53 प्रतिशत तक पहुंची और कासगंज प्रदेश में शीर्ष पर रहा।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए जनता को इसी प्रकार तेज, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।
ई-डिस्ट्रिक्ट जैसी डिजिटल सेवाएं न केवल जनसाधारण के समय और संसाधनों की बचत करती हैं, बल्कि शासन और जनता के बीच पारदर्शिता व विश्वास को भी मजबूत बनाती हैं। कासगंज की यह सफलता डिजिटल इंडिया की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है।