जागरण टुडे, कासगंज।
उत्तर प्रदेश आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में कासगंज जनपद की टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में कासगंज के सुमित पाल उर्फ अक्की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘चैंपियन ऑफ चैंपियंस’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। उन्होंने 100 किलोग्राम भार वर्ग में लेफ्ट और राइट दोनों हैंड इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल की।
इस भव्य राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन गाजियाबाद जिला आर्म रेसलिंग एसोसिएशन द्वारा उत्तर प्रदेश आर्म रेसलिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में HRIT यूनिवर्सिटी, गाजियाबाद में किया गया। प्रतियोगिता को पीपुल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (PAFI), एशियन आर्म रेसलिंग फेडरेशन एवं वर्ल्ड आर्म रेसलिंग फेडरेशन से मान्यता प्राप्त थी।
कार्यक्रम का नेतृत्व उत्तर प्रदेश आर्म रेसलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं PAFI के सचिव डॉ. प्रवीण कुमार सिंह जादौन ने किया। प्रतियोगिता में बतौर ऑब्जर्वर उत्तराखंड आर्म रेसलिंग एसोसिएशन के सचिव एवं प्रो पंजा लीग के रेफरी शिवा चौधरी उपस्थित रहे। रेफरी पैनल में दिल्ली के विकास त्यागी सहित कासगंज के यश शर्मा, पुष्पेंद्र, अमन, गार्गी और छाया शामिल रहे।
कासगंज टीम ने जूनियर, यूथ, सीनियर, पैरा आर्म रेसलिंग और सीनियर मेन वर्गों में कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। जूनियर और यूथ गर्ल्स वर्ग में कृतिका, क्वीन गर्गी, सोनी, चांदनी, छाया कुमारी, शिवानी और मोनिका ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं पैरा आर्म रेसलिंग में आकांक्षा और मनीषा ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। सीनियर मेन वर्ग में प्रशांत यादव, अंकित भास्कर, प्रिंस और अमन ने भी पदक जीतकर टीम की सफलता में योगदान दिया।
प्रतियोगिता के समापन के बाद सभी खिलाड़ियों का के.ए. कॉलेज, कासगंज में भव्य स्वागत किया गया। कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकों एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता की कामना की।