सनातन संस्कृति की दो प्रमुख आध्यात्मिक धरोहर काशी और ब्रज धाम के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। इस बार महाशिवरात्रि के अवसर पर एक अभिनव और ऐतिहासिक परंपरा की शुरुआत होगी, जिसमें मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि से बाबा श्री काशी विश्वनाथ के लिए श्रृंगार एवं पूजन सामग्री भेंट स्वरूप काशी भेजी जाएगी।
महाशिवरात्रि को भगवान शिव के विवाहोत्सव के रूप में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाता है। ऐसे पवित्र पर्व पर ब्रज धाम से काशी धाम को दी जाने वाली यह भेंट न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि सनातन संस्कृति के आपसी समन्वय और एकत्व को भी नई पहचान देगी।
गत वर्ष रंगभरी एकादशी पर काशी और मथुरा के मध्य धार्मिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की इस परंपरा का शुभारंभ किया गया था। ‘पवित्र तीर्थ जल योजना’ के माध्यम से काशी और रामेश्वरम धाम के बीच आध्यात्मिक संबंधों को नए स्वरूप में स्थापित करने का प्रयास हुआ है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महाशिवरात्रि पर कृष्ण जन्मभूमि से बाबा विश्वनाथ को भेंट और कृष्ण जन्माष्टमी पर काशी से लड्डू गोपाल को उपहार भेजने की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है।
यह नवाचार हरि हर के शाश्वत और अद्भुत संबंध को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाता है। सनातन परंपरा में भगवान विष्णु (हरि) और भगवान शिव (हर) को एक-दूसरे का पूरक माना गया है। विष्णु पालन के प्रतीक हैं, जबकि शिव संहार और कल्याण के। दोनों का समन्वय ही सृष्टि के संतुलन का आधार है। ब्रज से काशी तक शृंगार सामग्री का आगमन इसी सनातन एकत्व का जीवंत उदाहरण है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर यह आयोजन श्रद्धालुओं को भक्ति, समरसता और सांस्कृतिक चेतना की अनुपम अनुभूति प्रदान करेगा। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इस पावन भेंट के लिए श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर न्यास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समस्त शिवभक्तों और कृष्णभक्तों को इस सनातन नवाचार के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।