जागरण टुडे, कासगंज।
शनिवार को अलीगढ़ मंडल की आयुक्त (कमिश्नर) संगीता सिंह ने सदर तहसील पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। कमिश्नर ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
जनसुनवाई के बाद कमिश्नर संगीता सिंह ने सदर तहसील परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील कार्यालयों, रिकॉर्ड रूम, प्रतीक्षालय तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानों पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और विशेष रूप से शौचालयों की नियमित सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने कहा कि तहसील आम जनता से सीधे जुड़ा हुआ कार्यालय है, इसलिए यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए और इसकी नियमित समीक्षा भी की जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजा जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी मामलों का निष्पक्ष और समय पर समाधान कराया जाएगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जनसुनवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सदर तहसील के उपजिलाधिकारी संजीव कुमार भी इस दौरान मौजूद रहे। उन्होंने तहसील स्तर पर चल रही विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी कमिश्नर को दी और उनके निर्देशों का शीघ्र अनुपालन कराने का भरोसा दिलाया।
कमिश्नर के इस औचक निरीक्षण और जनसुनवाई से तहसील प्रशासन में सक्रियता देखने को मिली और आमजन को राहत की उम्मीद जगी।