जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जनपदीय पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस कर्मियों ने स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, घरेलू हिंसा से संरक्षण, कार्यस्थल पर उत्पीड़न की रोकथाम और साइबर अपराधों से बचाव जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर क्राइम के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक करने से बचना बेहद आवश्यक है।
पुलिस टीमों ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को “मिशन शक्ति केंद्र” की भूमिका के बारे में अवगत कराया, जहां उन्हें कानूनी सलाह, परामर्श और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन) प्रमुख हैं। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की घटना को छिपाएं नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस प्रशासन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में जागरूकता बढ़ाना, आत्मविश्वास मजबूत करना तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। यह अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देने और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।