Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ:प्रेम, शक और हत्या: पति ने पत्नी को मार खेत में छिपाया था शव, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 19, 2026

KASGANJ:प्रेम, शक और हत्या: पति ने पत्नी को मार खेत में छिपाया था शव, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

जनपद पुलिस ने करीब दस माह से लापता नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत में दफनाया गया शव बरामद किया है, साथ ही हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।


पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा के नेतृत्व में थाना सिकन्दरपुर वैश्य पुलिस ने 18 फरवरी 2026 को कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त रवेन्द्र कुमार को गंगपुर से सनौड़ी जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया।

घटना का विवरण

वादी श्रीमती सोमवती निवासी जिजपुरा थाना कायमगंज जनपद फर्रुखाबाद ने तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री प्रियंका की शादी 14 दिसम्बर 2024 को रवेन्द्र कुमार निवासी गंगपुर जनपद कासगंज से हिन्दू रीति-रिवाज से की थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करने लगे।

14 अप्रैल 2025 को जेठ राजेश ने फोन कर बताया कि प्रियंका और रवेन्द्र काम के सिलसिले में बाहर जा रहे हैं। इसके बाद प्रियंका से कोई संपर्क नहीं हो सका। संदेह होने पर परिजनों ने तहरीर दी, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया।

पूछताछ में खुला हत्या का राज

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व पत्नी का किसी पुराने मित्र से फोन पर बात करने को लेकर विवाद हुआ था। रात में झगड़ा बढ़ने पर उसने मारपीट की और कमरे में रखी कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर दिया, जिससे प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई।


इसके बाद आरोपी ने अपने भाई राजेश व पिता छोटेलाल की मदद से शव को चादर में लपेटकर प्लास्टिक बोरी में भरा और रात में बुग्गी से ले जाकर एक खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। अगले दिन वह घर से गायब हो गया और परिजनों को भ्रामक सूचना दे दी गई कि दोनों कहीं चले गए हैं।


शव व आलाकत्ल बरामद

अभियुक्त की निशानदेही पर बताए गए स्थान की खुदाई कर सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद किया गया। साथ ही उसके घर के कमरे के टांड से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में हत्या सहित गंभीर धाराओं की बढ़ोत्तरी कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


गिरफ्तारी टीम

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष चंचल सिरोही, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र सिंह, कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह व हेड कांस्टेबल अमीर चन्द्र शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.