Tuesday, March 31, 2026

यात्रीगण कृपया ध्यान दें: जोधपुर–मऊ जंक्शन के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, कासगंज जंक्शन पर भी ठहराव

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 25, 2026

यात्रीगण कृपया ध्यान दें: जोधपुर–मऊ जंक्शन के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, कासगंज जंक्शन पर भी ठहराव

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। होली पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर से मऊ जंक्शन के मध्य एक जोड़ी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह विशेष ट्रेन एक मार्च से 31 मार्च तक निर्धारित तिथियों में चलाई जाएगी।

पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग दूर-दराज शहरों से अपने घरों की ओर लौटते हैं, जिससे ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह अतिरिक्त व्यवस्था की है, जिससे यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल सके।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जोधपुर से मऊ जंक्शन के लिए स्पेशल ट्रेन प्रत्येक रविवार को संचालित होगी। इसका संचालन 1 मार्च से 29 मार्च तक किया जाएगा। वहीं मऊ जंक्शन से जोधपुर के लिए यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को रवाना होगी और 3 मार्च से 31 मार्च तक चलेगी।

समय सारिणी के अनुसार, जोधपुर से रविवार शाम 5 बजे प्रस्थान करने के बाद ट्रेन पीपर रोड, गोटन, मेड़ता रोड जंक्शन, डेगाना जंक्शन, मकराना जंक्शन, फुलेरा और जयपुर होते हुए सोमवार रात 12:55 बजे बांदीकुई जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद भरतपुर जंक्शन, मथुरा जंक्शन, हाथरस सिटी से गुजरते हुए सुबह 6:05 बजे कासगंज जंक्शन पहुंचेगी। आगे फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर अनवरगंज, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ चारबाग, अयोध्या कैंट, अयोध्याधाम जंक्शन, शाहगंज जंक्शन, आजमगढ़ होते हुए रात 11:20 बजे मऊ जंक्शन पहुंचेगी।

वापसी में यह ट्रेन मंगलवार सुबह 4 बजे मऊ जंक्शन से रवाना होकर इसी मार्ग से होते हुए दूसरे दिन सुबह 8:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में चार सामान्य कोच सहित कुल 20 कोच लगाए गए हैं, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव शर्मा ने बताया कि होली पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। उन्होंने यात्रियों से समय से आरक्षण कराने और यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करने की अपील की है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.