Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा बैठक, आशा व सीएचओ भुगतान समयबद्ध करने के निर्देश

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 25, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा बैठक, आशा व सीएचओ भुगतान समयबद्ध करने के निर्देश

जागरण टुडे, कासगंज। 


जनपद कासगंज में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु मंगलवार को कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. मोहन झा, अपर निदेशक अलीगढ़ मंडल ने की। इस दौरान खसरा-रूबेला (Measles-Rubella) टीकाकरण अभियान, नियमित टीकाकरण की स्थिति, जेएसवाई भुगतान, आशा कार्यकर्ताओं के विभिन्न मदों में लंबित भुगतान, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के टीबीआई/पीबीआई भुगतान तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई।


अपर निदेशक ने निर्देश दिए कि आशा कार्यकर्ताओं के सभी लंबित भुगतान प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएचओ के टीबीआई एवं पीबीआई भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए वित्तीय प्रक्रियाओं को पारदर्शी और त्वरित बनाए रखने पर जोर दिया गया।


बैठक में 20 फरवरी 2026 से 21 मार्च 2026 तक चलाए जा रहे आभा आईडी निर्माण अभियान की भी समीक्षा की गई। निर्देशित किया गया कि प्रत्येक आशा कार्यकर्ता प्रतिदिन कम से कम 20 आभा आईडी बनाए, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य समय से पूरा किया जा सके। इस संबंध में सभी अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम और बीसीपीएम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड की प्रगति पर भी चर्चा हुई और लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव अग्रवाल, डॉ. देवेंद्र वार्ष्णेय, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एम.के. शुक्ला, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पवन कुमार, जिला कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक कुवर पाल सिंह सहित मंडल स्तरीय कंसल्टेंट, अनुश्रवण एवं मूल्यांकन अधिकारी तथा हेल्थ पार्टनर उपस्थित रहे।

अंत में अपर निदेशक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.