Thursday, April 2, 2026

कासगंज जनपद के सोरों में ‘मिलावटी डीजल’ का बड़ा खेल बेनकाब, 1200 लीटर के साथ टैंकर जब्त

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 25, 2026

कासगंज जनपद के सोरों में ‘मिलावटी डीजल’ का बड़ा खेल बेनकाब, 1200 लीटर के साथ टैंकर जब्त

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

सोरों (कासगंज)। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार के निर्देश पर आवश्यक वस्तुओं के उठान एवं वितरण की निगरानी के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने रेलवे क्रॉसिंग से आगे मोड़ के पास कथित मिलावटी डीजल के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया। मौके से करीब 1200 लीटर तथाकथित अपमिश्रित डीजल, एक टैंकर बाऊजर और बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद कर जब्त किए गए। 


क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (तहसील कासगंज) बृजेशपाल एवं पूर्ति निरीक्षक (ब्लॉक सोरों) कृष्ण गोपाल टीम के साथ नगर सोरों से तहसील सहावर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक टैंकर बाऊजर संख्या UP22AT/8293 संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला, जिसके सामने ‘माँ पूर्णागिरि’ नाम से ऑयल कंपनी की दुकान संचालित पाई गई। दुकान के बाहर पुरानी डिस्पेंसिंग मशीन लगी थी, जो चालू हालत में नहीं थी।



टैंकर की जांच में पीछे डिस्पेंसिंग मशीन व लंबा पाइप लगा मिला। टैंकर खोलकर देखने पर लगभग 50 लीटर डीजल जैसा पेट्रोलियम पदार्थ पाया गया। चालक रॉकी पुत्र केहरी सिंह, निवासी ग्राम अलौजी नगला, थाना हाथरस गेट, जनपद हाथरस ने बताया कि वाहन स्वामी सत्यवीर सिंह के कहने पर मिलावटी डीजल भरकर लाया गया था और लगभग 1000 लीटर दुकान पर उतारा जा चुका है।

दुकान पर मौजूद अशोक कुमार पुत्र देवेश, निवासी आवास विकास कॉलोनी, कासगंज ने कथित डीजल की बिक्री स्वीकार की, परंतु क्रय-विक्रय से संबंधित कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस की सहायता से पास की दूसरी दुकान का शटर खुलवाया गया, जहां 200-200 लीटर क्षमता के पांच भरे ड्रम, एक आधा भरा ड्रम और एक प्लास्टिक ड्रम में लगभग 100 लीटर डीजल जैसा पदार्थ मिला। कुल मिलाकर करीब 1200 लीटर तथाकथित अपमिश्रित डीजल बरामद हुआ।

इसके अलावा 13 खाली ड्रम, मापक यंत्र, जरीकेन, डीजल निकालने की मशीन व गेज भी बरामद किए गए। बरामद पदार्थ के नमूने लेकर सीलबंद किए गए तथा एक नमूना दुकान स्वामी को दिया गया। समस्त बरामद सामान व टैंकर को कब्जे में लेकर मै० कमलेश पेट्रोलियम एचपी पंप, नगर सोरों की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार ने बताया प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.