जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सोरोंजी। नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देश पर जिला न्यायालय में मामले की पुनः सुनवाई शुरू हो गई है। ताजा सुनवाई के दौरान निर्वाचन अधिकारी ने दोनों पक्षों को मतदाता सूची उपलब्ध कराई, जबकि अब अगली सुनवाई 15 अप्रैल को निर्धारित की गई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में हुए नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामेश्वर दयाल महेरे ने निर्दलीय प्रत्याशी सुधीर यादव को 213 मतों से हराकर जीत दर्ज की थी। चुनाव परिणाम के बाद पराजित प्रत्याशी सुधीर यादव ने जिला न्यायालय में याचिका दायर कर मतदाता सूची में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए थे।
याचिका में दावा किया गया था कि 225 मतदाताओं के नाम सूची में दो स्थानों पर दर्ज थे और उन्होंने दो बार मतदान किया। इसी आधार पर मतदाता सूची की जांच और पुनर्गणना (रिकाउंटिंग) की मांग की गई थी। हालांकि, करीब एक वर्ष तक चली सुनवाई के बाद जिला न्यायालय ने इस याचिका को खारिज कर दिया था।
इसके बाद मामले को उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई, जहां से पुनः सुनवाई के आदेश जारी हुए। बुधवार को हुई सुनवाई में कोर्ट के निर्देश पर निर्वाचन अधिकारी ने दोनों पक्षों को मतदाता सूची सौंप दी।
वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे का कहना है कि जांच के दौरान केवल 39 ऐसे वोट सामने आए हैं, जिनमें दो बार मतदान की स्थिति पाई गई, और ये वोट अन्य प्रत्याशियों के पक्ष में पड़े हैं।
अब इस पूरे प्रकरण पर सबकी निगाहें 15 अप्रैल की अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां अदालत आगे की कार्रवाई और संभावित निर्णय की दिशा तय करेगी।