जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। जनपद के पटियाली तहसील क्षेत्र के ग्राम नगला खन्ना में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आधा दर्जन से अधिक झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों और दमकल ने पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान जगबीर यादव ने तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
इन परिवारों का हुआ भारी नुकसान
अग्निकांड में साधु सिंह, भूरे, श्रीकृष्ण, रामदास, अवनीश, श्यामा देवी, धीरेश व करू की झोपड़ियां पूरी तरह जल गईं। आग की चपेट में आकर अवनीश का एक बैल और करू की एक भैंस झुलस गई।
इसके अलावा पशुपालकों की बुर्जी, बटोरा, कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी आग में स्वाहा हो गया। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं और उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल के निर्देश पर नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने क्षेत्रीय लेखपाल से मौके की जांच कराई। जांच रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई है और नुकसान का आकलन कर आगे की राहत कार्रवाई की जा रही है।