Tuesday, March 31, 2026

एचपीसीएल डबल मर्डर: जांच बरेली कमिश्नर की अध्यक्षता में गठित एसआईटी करेगी

लेखक: Jagran Today | Category: ताजा खबर | Published: March 14, 2026

एचपीसीएल डबल मर्डर: जांच बरेली कमिश्नर की अध्यक्षता में गठित एसआईटी करेगी

विकास श्रीवास्तव, बदायूं

जनपद बदायूं के दातागंज इलाके के सैंजनी गांव के पास स्थित एचपीसीएल (हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड) प्लांट में डीजीएम सुधीर गुप्ता और सहायक प्रबंधक हर्षित मिश्रा की हत्या के मामले में योगी सरकार का एक्शन जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश पर मामले की जांच के लिए बरेली कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी की अध्यक्षता में एसआईटी गठित कर दी गई है। 

मुख्यमंत्री योगी ने एक्स हैंडल (पूर्व ट्यूटर) पर लिखा कि जनपद बदायूं के CBG प्लांट की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर त्वरित कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच हेतु मंडलायुक्त बरेली की अध्यक्षता में एक SIT का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि दोषी पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। इसके बाद भी कोई साजिश की संभावना दिखती है तो प्रदेश सरकार के अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि CBG प्लांट की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस चौकी की स्थापना कर दी गई है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।

हत्यारोपी अजय की दुकानों पर चलेगा बुलडोजर

एचपीसीएल के डीजीएम व सहायक प्रबंधक अधिकारियों की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी अजय प्रताप सिंह के पिता राजेश कुमार सिंह के नाम सड़क पर भवन है, जो बदायूं-दातागंज मार्ग स्थित गांव डहरपुर से करीब चार किमी दूर है। जहां छह दुकानें बनी हैं। सभी दुकानें किराए पर उठी हैं। शनिवार शाम एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार छविराम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुकानों की नपत कराई। इसके बाद सभी दुकानों को तत्काल खाली करा दिया गया। इसकी रिपोर्ट डीएम को दी गई है। जल्द ही इन दुकानों पर बुल्डोजर चलाया जाएगा।

सात साल पहले अजय ने खुद को मारी थी गोली

जानकारों के अनुसार, एचपीसीएल प्लांट में डीजीएम सुधीर गुप्ता और सहायक प्रबंधक हर्षित मिश्रा की हत्या के आरोपी अजय प्रताप सिंह पहले से ही हिंसक प्रवृत्ति का रहा है। लोगों का कहना है कि करीब सात साल पहले परिवार में विवाद होने पर अजय ने तमंचे से खुद को गोली मार ली थी। इलाज कराने पर उसकी जान तो बच गई, लेकिन गोली अब भी उसके शरीर में फंसी है। इसके अलावा वह अपने हाथ की नसें भी काट चुका था। एचपीसीएल प्लांट पर अधिकारियों को धमकाने के दौरान उसने अपनी शरीर पर कटे के निशान भी दिखाए थे। निशान दिखाने का जिक्र उप महाप्रबंधक की ओर से उसके खिलाफ दर्ज कराई गई रिपोर्ट में भी किया गया था। 

पुलिस चौकी में दो सब इंस्पेक्टर 8 सिपाही रहेंगे तैनात

एचपीसीएल प्लांट मूसाझाग थाने से करीब 11 किमी दूर है। सीएम योगी के निर्देश पर प्लांट की सुरक्षा में पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी। इस पुलिस चौकी पर दो उप निरीक्षक व आठ सिपाही तैनात किए जाएंगे। नवागत एसएसपी अंकिता शर्मा ने डीएम अवनीश राय से प्लांट जाकर मौका मुआयना भी किया।

डीएम-एसएसपी ने किया मौका मुआयना

नवागत एसएसपी अंकिता शर्मा ने पदभार संभालने के बाद डीएम अवनीश राय के साथ प्लांट जाकर मौका मुआयना किया। वहां मौजूद कर्मचारियों से घटना के बारे में जानकारी भी ली। एसएसपी ने तुरंत सेंजनी में पुलिस चौकी स्थापित करने को कहा है।

प्लांट बंद, सीओ दातागंज भी नपे

एचपीसीएल प्लांट मामले में एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार को बदायूं से हटाकर लखनऊ मुख्यालय संबंध कर दिया गया है। इससे पहले मूसाझाग थाना प्रभारी और हल्का इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया था अब शासन ने सीओ दातागंज देवेंद्र कुमार को पुलिस मुख्यालय लखनऊ भेज दिया। उनकी जगह डायल 112 पर तैनात सीओ राहुल पांडेय को दातागंज सर्किल की जिम्मेदारी दी गई है।

उधर, दिनदहाड़े दो अफसरों की हत्या के बाद से कर्मचारी दहशत से नहीं उबर पा रहे। तीसरे दिन भी शनिवार को प्लांट ठप रहा। प्लांट कब चालू होगा, इस पर अभी संशय की स्थित है। एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र सिंह ने बताया है कि मंगलवार को एचपीसीएल के अधिकारी फिर आएंगे और प्लांट में फिर से कामकाज शुरू कराएंगे।

यह भी पढ़ें:  एचपीसीएल प्लांट में प्रबंधक और उप प्रबंधक की हत्या 

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.