Tuesday, March 31, 2026

Sambhal News: खाना देने में देरी होने पर मां को हथौड़े से कुचलकर मार डाला

लेखक: Jagran Today | Category: ताजा खबर | Published: March 15, 2026

Sambhal News: खाना देने में देरी होने पर मां को हथौड़े से कुचलकर मार डाला

जागरण टुडे, संभल

खाना देने में देरी पर एक युवक ने अपनी सौतेली मां की हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा बरामद कर लिया।

बहजोई कस्बे के इस्लामनगर रोड स्थित नई बस्ती दुर्गा कॉलोनी में रहने वाले मुरादी का 20 वर्षीय बेटा आतिफ शनिवार रात ड्यूटी से घर लौटा । उसने अपनी सौतेली मां शमीम बानो से खाना देने को कहा। शमीम बानो ने कुछ देर बाद खाना देने की बात कही, जिसके बाद आतिफ अपने कमरे में चला गया। एक से डेढ़ घंटे बाद भी खाना न मिलने पर आतिफ दोबारा रसोई में पहुंच गया। उस समय शमीम बानो दूसरे कामों में व्यस्त थी। आतिफ और शमीम बानो के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आतिफ ने कमरे में रखा हथौड़ा उठाया और शमीम बानो के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

गंभीर चोट लगने से शमीम बानो लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो शमीम बानो की मौत हो गई थी। इसी बीच नमाज पढ़कर लौटे मुरादी ने पत्नी को मृत देखा तो सन्न रह गए। रात करीब 12 बजे बहजोई पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार आतिफ और उसकी सौतेली मां शमीम बानो के बीच पहले भी अक्सर विवाद होता रहता था। बहजोई थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि आरोपी आतिफ को गिरफ्तार कर लिया गया है। हथौड़ा भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आतिफ ने पुलिस को बताया कि वह काम से लौटने के बाद कई बार खाना मांग चुका था। खाना न मिलने और कहासुनी होने पर उसे गुस्सा आ गया। इसी आवेश में उसने हथौड़े से वार कर दिया।

पहली पत्नी की मौत के बाद की थी दूसरी शादी

लकड़ी का कारोबार करने वाले मुरादी की पहली पत्नी की 13 वर्ष पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद करीब 12 वर्ष पहले उन्होंने अलीगढ़ निवासी अपनी ममेरी बहन शमीम बानो से निकाह किया था। शमीम बानो के पति की भी मृत्यु हो चुकी थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। मुरादी की पहली पत्नी से एक बेटी और दो बेटे हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बड़ा बेटा गुलशन गोंडा में कोचिंग में पढ़ाता है। छोटा बेटा आतिफ बहजोई में रहकर पिता के लकड़ी के कारोबार में हाथ बंटाता था।

पिता पर भी गंभीर आरोप, गिरफ्तारी की मांग

मृतका की बहन शबाना ने बताया कि मुरादी अक्सर शराब के नशे में शमीम को पीटता था। बताया कि शमीम बानो की दो बेटियां हुई थीं, जिन्हें पिता और पुत्र ने मार डाला था। शमीम बानो हत्या रात में ही कर दी गई थी, लेकिन इसकी जानकारी उन्हें अगले दिन सुबह करीब 3 बजे मिली। शबाना ने कहा कि उनकी बहन के साथ लंबे समय से अत्याचार हो रहा था और अब उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने मांग की कि इस मामले में दोनों पिता-पुत्र को जेल भेजा जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.