जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
जनपद में यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार के नेतृत्व में यह अभियान संचालित हुआ। अभियान के दौरान यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह की टीम ने बरेली-मथुरा हाईवे तथा चांडी तिराहा, सहावर रोड पर विशेष चेकिंग की।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने स्पीड रडार मशीन की सहायता से ओवरस्पीड वाहनों की जांच की। इस दौरान तेज गति से वाहन चलाने वाले 47 चालकों के चालान किए गए। इसके साथ ही यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, ओवरलोडिंग, ओवर हाइट, ड्रिंक एंड ड्राइव, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट) न लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 124 वाहनों के चालान किए गए, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन करने पर 2 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुल 2,06,000 रुपये का ऑनलाइन शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।
यातायात पुलिस ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया गया, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम जनता को सुरक्षित यात्रा का वातावरण मिल सके। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है।