नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों ने सफाई मजदूर संघ के बैनर तले अपनी मांगों को लेकर पहले भी कई बार ज्ञापन सौंपा था लेकिन उनकी समस्याओं पर गौर नहीं किया गया। समस्या का समाधान न होने से नाराज सफाई मजदूर संघ ने सोमवार से काम बंदकर हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया था। इसके चलते पालिका प्रशासन में खलबली मच गई थी।
पालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारी लंबे समय से एरियर भुगतान, ठेका सफाई कर्मचारियों को 410 प्रतिदिन, बैकलॉग सफाई कर्मचारियों को उनके मूल पद पर भेजने जैसी पांच मांगों पर जल्द से जल्द कार्यवाही की मांग पूरा न होने को लेकर नाराज थे। नियत समय बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, इससे कर्मचारी आक्रोशित हो गए थे। इसके बाद सोमवार से हड़ताल की घोषणा कर दी थी।
सफाई कर्मचारियों से बात करने पहुंचे नगर पालिका के अधिकारी।
अन्य मांगें पूरी करने के लिए दो दिन की चेतावनी
सोमवार सुबह छह बजे सफाई कर्मचारी नगर पालिका पहुंचे। वहां मौजूद ईओ सुनील कुमार और लेखाकार श्रीकांत शर्मा ने कर्मचारियों से बातचीत की। ईओ ने कर्मचारियों को बताया कि उनका 2 साल का पीएफ उनके खातों में जमा कर दिया गया है। वहीं 7वें वेतनमान के अनुसार जो एरियर बकाया था वह 6 माह का जमा कर दिया गया है। वहीं अन्य मांगों को भी जल्द पूरा कराने का अश्वासन दिया गया। इसके बाद कर्मचारी शांत हुए। सफाई कर्मचारियों ने अन्य मांगें पूरी करने के लिए 2 दिन की चेतावनी दी है।