Friday, January 30, 2026

Murder in Bareilly : ताई ने चार साल की बच्ची को गला दबाकर मार डाला, बोरे में छिपाया शव, रात में ठिकाने लगाने की थी तैयारी

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 28, 2024

Murder in Bareilly : ताई ने चार साल की बच्ची को गला दबाकर मार डाला, बोरे में छिपाया शव, रात में ठिकाने लगाने की थी तैयारी
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव शिकारपुर चौधरी में रहने वाले राजू राजपूत की चार साल की बेटी मिस्टी शनिवार दोपहर ताई सावित्री के घर खेलने गई थी। इसके बाद वह लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कहीं पता नहीं चला तो परिजन ने पुलिस को सूचना दी। देर रात पुलिस ने सावित्री के घर से बोरे में उसका शव बरामद किया। पुलिस ने आरोपी महिला के चचिया ससुर गंगाराम को भी हिरासत में लिया है।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक ताई सावित्री ने ही गला दबाकर बच्ची की हत्या की है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि मामले चचिया ससुर गंगाराम की संलिप्तता नहीं मिली है। 

हत्या न लगे इल्जाम इसलिए दबा दिया गला
पूछताछ में सावित्री ने पुलिस को बताया कि खेलते समय मिस्टी ईंटों पर गिरने की वजह से बेहोश हो गई थी। उसने काफी देर तक उसे होश में लाने का प्रयास किया लेकिन जब वह होश में नहीं आई तो गला दबाकर मार डाला। उसे डर था कि कहीं मिस्टी के घरवाले उस पर हत्या का आरोप न लगा दें इसलिए उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव बोरे में बंद कर दिया। जिसे वह रात में ठिकाने लगाने की तैयारी में थी। 

काफी देर तक पुलिस को करती रही गुमराह
पुलिस जब मिस्टी की तलाश में सावित्री के घर पहुंची और उससे पूछताछ की तो काफी देर तक वह पुलिस को गुमराह करती रही। उसने गांव के एक युवक पर भी हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की उसने खुद को बेकसूर बताया। कहा कि वह घटना के वक्त गांव में था ही नहीं, बल्कि मजदूरी करने बाहर गया हुआ था। पुलिस ने युवक के बताए स्थान पर जाकर पता किया तो उसकी बात सही निकली। उसके साथ काम करने वाले लोगों ने बताया कि सात बजे तक युवक वहीं उनके साथ मजदूरी कर रहा था। इस पर पुलिस ने युवक को छोड़ दिया। 

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.