पीलीभीत के कस्बा पूरनपुर के एक युवक का रिश्ता बरेली के आंवला इलाके की युवती के साथ तय हुआ था। मंगलवार को पूरनपुर के एक बरातघर में शादी समारोह था। बरात का स्वागत के बाद अन्य रस्में संपन्न की गईं। जयमाला का कार्यक्रम होने के बाद रिश्तेदार दूल्हा-दुल्हन को उपहार दे रहे थे। तभी एक युवक स्टेज पर पहुंचा और उसने उपहार देकर दुल्हन के कान में कुछ कहा।
युवक की इस हरकत पर दूल्हा भड़क गया और उसने युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि उपहार देने वाला युवक दुल्हन के प्रेमी का दोस्त है। जो उपहार उसने दिया था वह दुल्हन के प्रेमी ने भिजवाया था। यह सुनते ही बखेड़ा खड़ा हो गया। दूल्हे ने गले से जयमाला निकालकर फेंक दी और शादी करने से इन्कार कर दिया।
परिजनों ने प्रेमी और उसके दोस्त को जमकर पीटा
हंगामा होने पर परिजनों ने बरातघर में मौजूद दुल्हन के प्रेमी और उसके दोस्त को पकड़ लिया। दोनों की जमकर पिटाई की। मामले की सूचना पर पुलिस भी बरातघर पहुंच गई। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले गई।
समझौते के बाद बगैर दुल्हन लौटी बरात
दुल्हन के प्रेम संबंधों की जानकारी होने पर दूल्हा विफर गया और उसने शादी से इन्कार कर दिया। दुल्हन के परिजनों और रिश्तेदारों ने उसे समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह किसी पर सूरत में शादी करने को राजी नहीं हुआ। बात न बनने पर दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से एक-दूसरे को दिया गया सामान लौटा दिया। समझौते के बाद बरात बगैर दुल्हन ही लौट गई। हालांकि दुल्हन सफाई देती रही कि वह युवक को नहीं जानती है।
दुल्हन की ओर से दी गई तहरीर
दुल्हन ने पूरनपुर थाने में आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में दुल्हन ने कहा कि उसकी शादी 12 नवंबर को पूरनपुर के युवक से होनी थी। रात करीब 12 बजे जयमाला संपन्न हो रही थी। तभी एक युवक आया और उसे उपहार दिया। इस पर दूल्हे ने उससे सवाल किए तो उसने युवक को जानने से इन्कार किया। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसे रिश्तेदारों ने पकड़ लिया।
आरोपी खुद को शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा निवासी बता रहा था। बताया कि उसे उसके दोस्त ने भेजा है। कुछ देर बाद उसका दोस्त भी वहां आ गया और गालीगलौज करने लगा। आरोपियों की वजह से उसकी शादी टूट गई। आरोपी ने उस पर उससे शादी करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर अगवा करने की कोशिश की। भीड़ न बचाती तो आरोपी उसकी हत्या कर देते। पूरनपुर कोतवाली प्रभारी नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि शादी में विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में शादी न करने को लेकर समझौता हो गया है। राजा और पवन गुप्ता नाम के दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।