उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में हुए हादसे में मृतकों की संख्या नौ हो गई। इनमें आठ श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि एक ने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया। इस हादसे में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। बुलंदशहर में हुए हादसे का पता लगने के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है, जिससे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। सोमवार को तमाम परिवारों में चूल्हा तक नहीं जला। शासन ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा राशि देने का एलान किया है।
कासगंज जनपद के गांव रफातपुर के लोग हर साल जाहरवीर गोगाजी के दर्शन करने राजस्थान जाते हैं। रविवार की शाम 07 बजे गांव रफातपुर बसंत नगर मिलकनिया से 60 लोग ट्रैक्टर-ट्राली में जाहरवीर गोगाजी के दर्शन करने जाने को गांव से निकले थे, लेकिन रास्ते में बुलंदशहर पहुंचने पर हादसे का शिकार हो गए। सोमवार सुबह हादसे की जानकारी मिली तो गांव में चारों ओर हाहाकार मचने लगा। एसडीएम संजीव कुमार, तहसीलदार और सोरों कोतवाल जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ गांव जा पहुंचे।
हादसा सुनकर हर कोई दहल उठा
ग्राम प्रधान के भाई सत्यपाल का कहना है कि हादसे की सुनकर हर किसी का दिल दहल गया। शासन-प्रशासन को हादसे का शिकार हुए लोगों और उनके परिवारों की मदद करनी चाहिए। बुलंदशहर हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक घायल हैं। कासगंज जिला प्रशासन कोट्रैक्टर-ट्राॅली में सफर करने कपर प्रतिबंध लगाना चाहिए। बुजुर्ग जानवी ने बताया रो-रोकर बताया हादसे में उनकी बहू और नाती की मौत हो गई। दोनों जहारवीर के दर्शन करने जा रहे थे।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया
हादसे की जानकारी मिलते ही भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुलदीप प्रतिहार गांव पहुंच गये और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।उन्होंने बताया कि शासन से मृतकों और घायलों के परिजनो को सहायता राशि दिलाई जाएगी है। उनका कहना है कि शासन के प्रतिबंध लगाने के बाबजूद लोग जागरूकता के अभाव में ट्रैक्टर-ट्राली में यात्रा कर रहे हैं।
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार देने का ऐलान
कासगंज के जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि बुलंदशहर हादसे में मृतकों की संख्या नौ हो गई है, जबकि 40 लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है। कासगंज से तीन प्रशासनिक अधिकारी बुलंदशहर भेजे गए हैं। डीएम ने कहा कि थानेदारों के साथ बैठक कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रा करने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।
कासगंज में 19 माह पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 24 लोगों की हुई थी मौत
कासगंज जिले के दरियावगंज इलाके में 24 फरवरी 2024 को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली तालाब में पलटने से 24 लोगों की जान चली गई थी। प्रदेश सरकार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रा करने पर प्रतिबंध लगाया था। बावजूद इसके ट्रैक्टर ट्रॉलियो में बैठकर लोग यात्रा कर रहे हैं।