कासगंज के ढोलना थाना क्षेत्र में एक और लव मैरिज जानलेवा बन गई। पत्नी से विवाद होने के बाद बाद पति चुपचाप घर से चला गया और हजारा नहर में छलांग लगा दी। करीब घटना के 36 घंटे बाद उसका शव नहर में पानी पर उतराता मिला। मौके पर पहुंचे मछुआरों ने शव को बाहर निकला। सूचना मिलने पर पहुंची ढोलना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
गांव सतपुरा माफी निवासी प्रमोद उर्फ भूरे ने पत्नी ममता से विवाद के बाद मंगलवार की शाम पांच बजे बिलराम हजारा नहर में छलांग लगा दी। कासगंज-अतरौली मार्ग पर हुई इस घटना के 36 घंटे बाद गुरुवार सुबह युवक का शव ततारपुर हजारा नहर से बरामद किया गया।
गुरुवार सुबह करीब 5 बजे मृतक के परिजन, मानपाल प्रधान और उनके भाई गुलशन नहर पर पहुंचे। सभी नहर किनारे झाड़ियों में तलाश कर रहे थे। सुबह 5:30 बजे ततारपुर के पास नहर में प्रमोद का शव तैरता दिखा। मौके पर पहुंचे मछुआरों ने शव को नहर से बाहर निकाला।
प्रमोद की मृत्यु की खबर से घर में मातम छा गया। उनकी मां जलधारा का रो-रोकर बुरा हाल है। गीतम सिंह के तीन बेटे हैं। बड़े बेटे दीपक की शादी उदन्नपुर सहावर थाना क्षेत्र में हुई थी। प्रमोद ने 6 महीने पहले दीपक की साली ममता से लव मैरिज की थी। गीतम सिंह का सबसे छोटा बेटा बबलू अभी पढ़ाई कर रहा है। प्रमोद की मौत की सूचना मिलने के बाद से परिवार में कोहराम मचा है, और गांव में सन्नाटा पसरा है।
इंस्पेक्टर गोविंद वल्लभ शर्मा ने बताया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच में पत्नी से विवाद का मामला सामने आया है। फिलहाल इस मामले में छानबीन की जा रही है। परिजनों के तहरीर देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।