जागरण टुडे, मथुरा
रेलवे बोर्ड और मुख्यालय प्रयागराज के निर्देशों के अंतर्गत इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 (18 अगस्त से 17 नवंबर) “सतर्कता : हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के निर्देशन में मथुरा ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट में विशेष सतर्कता संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक आगरा विवेक दिवाकर ने किया। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक रेलवे कर्मचारी को नियमों का पालन करते हुए अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए। शिकायतों और लंबित मामलों के निपटान, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों, परिसंपत्ति प्रबंधन और डिजिटल पहलों के माध्यम से रेलवे सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकती है।
श्री विवेक ने कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने दैनिक कार्यों में ईमानदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि सतर्कता केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की साझा जिम्मेदारी है, जिससे संस्था की छवि और विश्वसनीयता बढ़ती है।
संगोष्ठी में उपस्थित कर्मचारियों ने पारदर्शिता बनाए रखने, यात्रियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और रेलवे की छवि को सकारात्मक बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें नीतिगत कार्य प्रणाली के महत्व और सेवा स्तर सुधार के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस प्रकार की जागरूकता संगोष्ठियां कर्मचारियों को सतर्क और कर्तव्यनिष्ठ बनाए रखने में सहायक होती हैं। इससे न केवल संगठन की कार्यक्षमता बढ़ती है, बल्कि यात्री सेवाओं में भी सुधार होता है। संगोष्ठी में मंडल के निरीक्षक, पर्यवेक्षक और अनेक कर्मचारी शामिल हुए और सभी ने ईमानदारी एवं सतर्कता से कार्य करने की शपथ ली।