जागरण टुडे रिपोर्ट, अलीगंज (एटा)
पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन ईद मिलाद-उल-नबी को लेकर नगर में तैयारियां जोरों पर हैं। 5 सितंबर को होने वाले इस पावन मौके पर सड़कों से लेकर गलियों तक लाइटों और इस्लामिक झंडों से सजावट की जा रही है। मस्जिदों, घरों और दुकानों को रोशन किया जा रहा है।
शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय विशेष नमाज अदा करेगा, गरीबों को दान देगा और जुलूस-ए-मोहम्मद निकालकर जश्न मनाएगा। इस मौके पर झांकियां तैयार की जा रही हैं और बच्चों से लेकर युवाओं तक की टोलियां इसमें शामिल होकर चार चांद लगाएंगी।
शहर की प्रमुख मातादीन चौराहा से लेकर सराया रोड तक तथा भीतरी इलाकों की गलियां इस्लामिक झंडों और रोशनी से जगमग हैं। हर घर पर झंडा लगाया गया है। लोग मस्जिदों और दरगाहों में सजदा कर हजरत मोहम्मद के संदेशों को याद करेंगे।
बसपा नेता जुनैद मियां ने बताया कि पैगंबर साहब का जन्मदिन दुनियाभर में मनाया जाता है। यह दिन इस्लाम धर्म के अनुयायियों के लिए सबसे अहम है। पैगंबर की जिंदगी इंसानियत के लिए रहमत है और उनका पैगाम गरीबों की सहायता और आपसी मेलजोल बनाए रखने का है।