जागरण टुडे, बरेली। सीबीगंज इलाके में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। मुखबिरी के शक में तस्करी के आरोपियों ने एक बुजुर्ग को घर से ले जाकर पिटाई की और मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए। इसका पता लगने पर परिजनों ने घायल बुजुर्ग को गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां 5 सितंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस पर गुस्साए लोगों ने सीबीगंज थाने का घेराव कर हंगामा किया। कहीं तब जाकर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
यह घटना 4 सितंबर की रात आठ बजे की बताई जाती है। सीबीगज थाना क्षेत्र के गांव तिलियापुर निवासी अजीम ने बताया कि उनके 58 वर्षीय पिता भूरे को उसी गांव के इमरान रजा और वसीम घर से बुलाकर ले गए थे। परधौली गांव के पीछे ले जाकर उनकी जमकर पिटाई की और मृत हालत में छोड़कर फरार हो गए। आरोप है कि दोनों आरोपी चरस और स्मैक का धंधा करते हैं। उन्हें शक था कि उसके पिता भूरे मुखबिरी करते हैं।
रात में करीब आठ बजे खुशबुद्दीन उर्फ अंडा ने उन्हें फोन करके बताया कि तुम्हारे पिता परधौली और तिलियापुर के बीच मरणासन्न हालत में पड़े हैं। उन्होंने फौरन सीबीगंज इंस्पेक्टर सुरेन्द्र पाल सिंह को बताया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इस पर भूरे को शहर के एक निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया गया। जहां शुक्रचार पांच सितंबर की शाम भूरे की मौत हो गई।
इसके बाद भड़के परिजन सीबीगंज थाने गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा किया। तब पुलिस ने मृतक के बेटे अजीम की ओर से आरोपी इमरान पुत्र बली राजा और वसीम पुत्र लल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर सुरेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो नामज़द के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।