Friday, January 30, 2026

Mathura News: सांसद हेमा मालिनी ने बाढ़ पीड़ितों को खुद परोसा भोजन, बच्चों को केला, चॉकलेट, बिस्किट दिए

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 10, 2025

 Mathura News: सांसद हेमा मालिनी ने बाढ़ पीड़ितों को खुद परोसा भोजन, बच्चों को केला, चॉकलेट, बिस्किट दिए
जागरण टुडे मथुरा/वृंदावन। सांसद हेमा मालिनी ने जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ बाढ़ शरणालय स्थलों पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को अपने हाथों से भोजन परोसा। बच्चों को केला चॉकलेट और बिस्कुट बांटे।

बुधवार को सांसद हेमा मालिनी ने सर्वप्रथम गुरुकुल विश्वविद्यालय में स्थापित बाढ़ राहत शिविर में उपलब्ध मूल-भूत सुविधाओं का अवलोकन किया और यहां रह रहे लोगों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इस पर लोगों ने उन्हें बताया कि यहां सब कुछ मिल रहा है उन्हें कोई परेशानी नहीं है। सांसद ने खाट पर बैठी महिला की गोदी से बच्चा लेकर उसे दुलार किया। साथ ही बाढ़ पीड़ितों को अपने हाथों से भोजन परोसा तथा पशुओं को भी चारा खिलाया।

इसके बाद सांसद हेमा मालिनी सुवटी देवी स्कूल में बने बाढ़ राहत शिविर पर पहुंचीं। यहां प्रशासन के सहयोग से जगद्गुरु कृपालु परिषत द्वारा संभाली जा रही व्यवस्था को देख सांसद संतुष्ट नजर आईं। यहां उन्होंने खाना खाने बैठे बाढ़ पीड़ितों को चपाती परोसी। इसके बाद उन्होंने शिविर में सफाई व्यवस्था में जुटे कर्मचारियों के साथ फोटो भी खिंचवाई। वहीं सिने स्टार व सांसद हेमा मालिनी को अपने बीच देख लोग काफी उत्साहित नजर आए।

सांसद हेमा मालिनी एवं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने श्री गीता (बिरला) धर्मशाला में स्थापित बाढ़ शरणालय स्थल पर बच्चों को चॉकलेट, केला, बिस्किट आदि का वितरण किया। उन्होंने मेडिकल कैंप का जायजा लिया तथा डॉक्टर से विभिन्न दवाओं के बारे में जानकारी ली एवं दवाओं को चेक किया। साथ ही उन्होंने लक्ष्मी गार्डन मैरिज होम में बाढ़ शरणालय स्थल पर उपस्थित बाढ़ प्रभावित परिवारों से फीडबैक लिया। सांसद ने भोजन की गुणवत्ता के बारे में पूछा, जिस पर लोगों ने कहा कि खाना अच्छा मिलता है तथा सभी लोग पूर्ण सेवा भाव से हमारी मदद कर रहे हैं।

प्रशासन द्वारा सभी सुविधाएं ससमय उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से कहा कि आपकी सहायता हेतु पुलिस-प्रशासन कटिबद्ध है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन, डिप्टी कलेक्टर राजकुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.