जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
नवरात्रि के पावन पर्व पर धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मर्यादा की रक्षा के लिए अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेश शर्मा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मां चामुंडा देवी मंदिर के प्रमुख मार्ग (मुख्य हाईवे – सोरों गेट से बिलराम गेट तक) स्थित सभी मांसाहारी दुकानों को नौ दिनों तक बंद कराया जाए।
भूपेश शर्मा ने कहा कि नवरात्रि के दौरान यह मार्ग अत्यंत पावन हो जाता है। हजारों श्रद्धालु, महिलाएं और वृद्धजन माता रानी के दर्शन हेतु इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे समय में खुलेआम मांसाहार का विक्रय धार्मिक भावनाओं को आहत करता है और वातावरण को अशुद्ध बनाता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी विशेष समुदाय के खिलाफ नहीं है, बल्कि धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
स्थानीय व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने भी इस मांग का समर्थन किया है। लोगों का कहना है कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर यह कदम पूरे शहर में धार्मिक सौहार्द और सात्विक माहौल स्थापित करेगा।
संघ का आह्वान
अखंड आर्यावर्त निर्माण संघ ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नवरात्रि के दौरान शाकाहार अपनाएं, मार्ग को स्वच्छ रखें और धार्मिक वातावरण बनाए रखें। संघ ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि मांग पर प्रशासन ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो भक्तजन शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए बाध्य हो सकते हैं।