Friday, January 30, 2026

KASGANJ NEWS पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 4, 2025

KASGANJ NEWS पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
जागरण  टुडे, कासगंज

एटा कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव खेरिया निवासी 23 वर्षीय युवक कमल पुत्र जयसिंह का शव शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई है।

परिजनों के अनुसार, मृतक कमल सूरत में पापड़ बेचने का काम करता था। कुछ समय पूर्व वह बेंगलुरु की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने गया था। बीते 30 सितंबर को वह अपने चाचा मोहर सिंह के घर अमापुर थाना क्षेत्र के अशोकपुर गांव आया था। मोहर सिंह किराए पर वहीं रहते हैं और पापड़ बिक्री का कार्य करते हैं।

शुक्रवार शाम से ही कमल घर नहीं लौटा था। देर रात तक चाचा ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रात करीब डेढ़ बजे गांव के बाहर पीपल के पेड़ पर सूत की रस्सी से उसका शव लटका मिला। शव देखकर चाचा मोहर सिंह चीख पड़े। शोर सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही 112 पुलिस, अमापुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के पिता जयसिंह और चाचा मोहर सिंह ने बताया कि कमल आत्महत्या नहीं कर सकता। उनका आरोप है कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया है। हालांकि, अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।

कमल दो भाई-बहनों में छोटा था। उसकी मां जयंती का निधन करीब 18 वर्ष पूर्व हो चुका है, जबकि बहन पुष्पा का विवाह हो चुका है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.