विकास श्रीवास्तव
बदायूं, 4 अक्टूबर 2025
बदायूं, 4 अक्टूबर 2025
मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत बदायूं में महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम देखा गया। राजाराम महिला इंटर कॉलेज, नाहर खाँ सराय की कक्षा 11 कॉमर्स की छात्रा सलोनी को शनिवार को एक दिन के लिए जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
केवल 14 वर्षीय सलोनी ने संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर तहसील सदर में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने न केवल जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना, बल्कि संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश भी दिए।
सलोनी ने कहा कि "महिलाएं अगर आगे बढ़ें, तो समाज भी आगे बढ़ता है। मिशन शक्ति जैसे अभियानों से लड़कियों को आत्मविश्वास और नेतृत्व के अवसर मिलते हैं।" उनकी गंभीरता और नेतृत्व शैली ने सभी अधिकारियों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति 5.0 से संबंधित प्रचार सामग्री (पंपलेट) का भी विमोचन किया गया।
जनसुनवाई में नागरिकों ने अवैध कब्जा हटवाने, भूमि की पैमाइश, आवास की मांग, राशन कार्ड में यूनिट बढ़ाने, विद्युत बिल सुधार जैसी समस्याएं रखीं। कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया और शेष पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
इस विशेष आयोजन में प्रभारी जिलाधिकारी व अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता ने यह साबित कर दिया कि अगर युवा बालिकाओं को मंच और अवसर दिए जाएं, तो वे नेतृत्व की हर कसौटी पर खरी उतर सकती हैं। सलोनी का आत्मविश्वास, संयम और समझदारी आज सैकड़ों बालिकाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत इस प्रकार के आयोजन बालिकाओं को स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की नई दिशा दे रहे हैं, जो उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की असली तस्वीर को दर्शाते हैं।