विकास श्रीवास्तव
बदायूं — भारतीय जनता पार्टी के आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को लेकर बदायूं में बुधवार को भाजपा कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जनांदोलन है। उन्होंने कहा कि 'विकसित भारत 2047' के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक ठोस पहल है, जो हर गांव, गरीब, महिला, किसान और युवा को आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित है।
बीएल वर्मा ने कहा कि इस अभियान के तहत दीपावली तक देशभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें आम जनता को स्वदेशी उत्पाद खरीदने और विक्रेताओं को स्वदेशी वस्तुएं बेचने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भरता की पहली सीढ़ी है ‘स्थानीय को प्राथमिकता’ देना, जिसे हर नागरिक को अपनाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि सरकार का ध्यान ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। आज भारत में ‘चिप से लेकर शिप’ तक का निर्माण हो रहा है। उन्होंने ‘लखपति दीदी योजना’ का भी उल्लेख किया, जिसके तहत देश की एक करोड़ से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं। यह अभियान स्वयं सहायता समूहों के लिए एक बड़ा अवसर है।
वर्मा ने युवाओं को स्टार्टअप, नवाचार और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के ज़रिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर नागरिक का योगदान जरूरी है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि यह अभियान 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक जारी रहेगा। इस दौरान व्यापारी सम्मेलन, कॉलेज स्तरीय स्वदेशी संकल्प सेमिनार, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं, महिला व युवा सम्मेलन, नुक्कड़ नाटक, हस्ताक्षर अभियान, आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ और पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री व सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।