मुरादाबाद पुलिस ने गोकशी और गो-तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है, जिसमें 50 से अधिक महिलाओं की संलिप्तता सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई मूंढापांडे थाना क्षेत्र में की गई। जहां लंबे समय से गोकशी की शिकायतें मिल रही थीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह महिलाएं संगठित तरीके से गोमांस की सप्लाई चेन को संचालित करती थीं। इनका तरीका बेहद चालाकी भरा था—ये अपने घरों में साधारण गृहिणी की तरह रहकर इस अवैध काम को अंजाम देती थीं, जिससे किसी को उन पर शक नहीं होता था।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि हाल में गोकशी से संबंधित कुछ घटनाओं की जांच के दौरान कुछ महिलाओं की गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद सर्विलांस टीम और मुखबिर नेटवर्क की मदद से इन महिलाओं पर निगरानी रखी गई, तो पूरा गिरोह उजागर हो गया। एसपी सिटी ने बताया कि अब तक पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। बाकी संदिग्ध महिलाओं की पहचान की जा रही है। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में लगी हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह महिलाएं गोमांस की ढुलाई, छिपाने और बेचने जैसे कार्यों में अहम भूमिका निभाती थीं। स्थानीय नेटवर्क की वजह से यह गिरोह लंबे समय तक पकड़ से बाहर रहा। इस खुलासे के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश और आश्चर्य है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों को कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
फिलहाल पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। आने वाले दिनों में अधिक गिरफ्तारियां और बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।