किसानों की समस्याओं और फसल की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने शुक्रवार को फरीदपुर तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर 5 सूत्रीय ज्ञापन उप जिलाधिकारी फरीदपुर को संबोधित तहसीलदार प्रशांत अवस्थी को सौंपा। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि सात कार्य दिवसों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
इस दौरान भाकियू अराजनैतिक बरेली मंडल उपाध्यक्ष उपदेश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान तहसील पहुंचे और नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि किसानों के धान की फसल को एमएसपी दर पर खरीदा जाए, जिसमें सामान्य धान के लिए ₹2369 प्रति क्विंटल और ग्रेड ए धान के लिए ₹2389 प्रति क्विंटल मूल्य निर्धारित है। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र के आढ़तिए ₹1400 से ₹1500 प्रति क्विंटल तक औने-पौने दामों में धान खरीद रहे हैं, जिससे किसानों का शोषण हो रहा है।
किसानों ने डीएपी और एनपीके खाद की आपूर्ति एवं उपलब्धता में सुगमता सुनिश्चित करने की भी मांग की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत कुइया उगनपुर के गांव हसनापुर में स्थित शमशान भूमि की पैमाइश कर कब्जा हटाने, और फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की मांग की गई।
ज्ञापन में पंचायत चुनाव की मतदाता सूची को भौतिक सत्यापन के आधार पर संशोधित किए जाने की मांग भी शामिल रही। ज्ञापन देने वालों में उपदेश सिंह, राम रहीम, हरपाल सिंह यादव, देवेंद्र पाल सिंह सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।