जागरण टुडे,कासगंज/सिढ़पुरा।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री, पद्मभूषण और विभूषण से सम्मानित, पिछड़ों, किसानों, मजदूरों और नौजवानों के मसीहा माने जाने वाले धरतीपुत्र श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव (नेताजी) की तीसरी पुण्यतिथि पर आज सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार सुबह समाजवादी पार्टी नगर कार्यालय सिढ़पुरा पर किया गया, जहां नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए सपा कासगंज के जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मन सिंह यादव ने कहा कि नेताजी 10 बार विधायक, 7 बार सांसद, 3 बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और एक बार देश के रक्षा मंत्री रहे। उन्होंने सैनिकों के सम्मान के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए — रक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने आदेश दिया कि शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके घर तक पहुंचाया जाए और जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में अंतिम संस्कार कराया जाए। इस निर्णय ने उन्हें देश के जवानों और उनके परिवारों के दिलों में अमर बना दिया।
नगर अध्यक्ष डॉ. वाहिद अली ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए नेताजी ने गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों, छात्रों और अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू कीं। उन्होंने कहा कि नेताजी का जीवन संघर्ष, सरलता और सेवा का प्रतीक था, जिसे आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी।
श्रद्धांजलि सभा में लक्ष्मन सिंह यादव, डॉ. वाहिद अली, मौ. आरिफ खान, निजाम बरकाती, दिलदार मियाँ, साजिद पठान, रियाज सैफी, हारुन रज़ा, अमीरुद्दीन सैफी, शहनवाज हुसैन, सौरभ शाक्य, अकरम अल्वी, राजू रंगरेज, दलवीर सिंह यादव, अशोक कुमार यादव, डॉ. अनार सिंह शाक्य सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में नेताजी के विचारों और योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया।