Friday, January 30, 2026

Bareilly News: पहले दंगाइयों पर कार्रवाई करने से डरते थे अधिकारी, बगैर जमानत के जेल से छूटे जाते थे लोग

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 12, 2025

Bareilly News: पहले दंगाइयों पर कार्रवाई करने से डरते थे अधिकारी, बगैर जमानत के जेल से छूटे जाते थे लोग
ऊर्जा मंत्री बोले- प्रदेश में पहले था जंगल राज, उद्योग हो रहे थे बंद, अब हो रहा औद्योगिक विकास 


उत्तर प्रदेश के नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा है पिछली सरकारों ने 70 साल सत्ता में जनता को खूब लूटा। सरकारी और गैर सरकारी संपत्तियों पर कब्जे किए और कराए गए। रोहिलखंड क्षेत्र में एक संपन्न और औद्योगिक क्षेत्र था, जिसे उजाड़ दिया गया। उद्योग बंद हो रहे थे, लेकिन वे दिन चले गए। रुहेलखंड क्षेत्र औद्योगिक विकास और आर्थिक संपन्नता में आगे है। प्रदेश में बरेली क्षेत्र अपनी अलग पहचान बना चुका है। ऊर्जा मंत्री ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि पहले दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई करने से अधिकारी डरते थे, लोग बगैर जमानत के जेल से छूट जाते थे। मगर अब कानून का राज है। अधिकारी बेखौफ होकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।

नगर विकास मंत्री एके शर्मा शनिवार दोपहर यहां आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन में भाग लेने आए थे। जीआईसी आडिटोरियम में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने मंच से विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश बहुत आगे बढ़ चुका है। पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी ने आर्थिक विकास किए हैं। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश अब कमजोर प्रदेश नहीं है। पहले सत्ता में रहने वाले प्रभावशाली लोग सरकारी और दूसरे लोग कमजोर लोगों की संपत्तियों पर जबरन कब्जा कराते थे अथवा खुद कर लेते थे, लेकिन अब ऐसा वातावरण नहीं है।

उन्होंने बरेली में पिछले दिनों हुए बवाल के मामले में कहा उत्तर प्रदेश में कानून वाली सरकार है, जो कानून से खिलवाड़ करेगा वह बख्शा नहीं जाएगा। जबकि पहले ऐसा नहीं था। ऐसे लोगों को संरक्षण दिया जाता था। उन्होंने नाम लिए मगर कहा कि जेल होने पर भी बिना किसी जमानत के लोग बाहर आ जाते थे। उन्होंने कहा कि पहले दंगाइयों पर कार्रवाई करने से अधिकारी भी डरते थे। उन्हें लगता था कि कार्रवाई की तो खुद के खिलाफ जांच बैठ जाएगी या तबादला हो जाएगा। एक बार दंगाई को गिरफ्तार किया तो फिर दंगा हो गया था। मगर अब ऐसा नहीं है। कानून हाथ में लेने वाले को बख्श नहीं जाएगा।

नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश में विकास कार्य हो रहे हैं। पहले की सरकारें लूटपाट में रुचि लेती थी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले बिजली सप्लाई बांस-बल्ली के सहारे की जाती थी। बिजली सप्लाई भी नहीं मिल पाती थी। क्योंकि पिछली सरकार काम चलाऊ थी। अब बिजली सप्लाई पोलों के जरिए हो रही है। शहर से गांव तक भरपूर बिजली मिल रही है।

अखिलेश यादव के फेसबुक ब्लॉक पर मंत्री बोले- जनता जानती है उनका चेहरा

मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव के फेसबुक पेज को ब्लॉक किए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि भाजपा ऐसा क्यों करेगी। जनता उन्हें अच्छे से जानती है। उन्होंने कहा कि जिनके शासनकाल में विकास रुका रहा, बिजली के खंभे बांस बल्ली पर लटके रहे, वही अब सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। अगर उन्होंने अपने समय में विकास किया होता, तो आज उन्हें फेसबुक का सहारा नहीं लेना पड़ता।

बरेली पहले से बहुत बदल चुका
 
मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि जब नगरों का विकास होता है, तो बड़ी-बड़ी कंपनियां अपने आप वहां आना चाहती हैं। बरेली की क्वालिटी ऑफ लाइफ में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि दो सालों में शहर में बहुत तब्दीली आई है। सड़के चौड़ी हुई हैं, स्ट्रीट लाइटें बढ़ी हैं, और शहर अब पहले से ज्यादा सुंदर दिखने लगा है। उन्होंने कहा कि बरेली मेरी नजर में अब बहुत बदल चुका है। मेयर उमेश गौतम और उनकी टीम के प्रयासों से बरेली में अभूतपूर्व काम हुआ है।

सरकारी एक इंच जमीन पर भी नहीं रहेगा अवैध कब्जा

नगर विकास मंत्री ने कहा कि कल शुक्रवार को वह रामपुर और संभल के दौरे पर थे। संभल में 86 हेक्टेयर जमीन अवैध कब्जे से मुक्त कराई जा चुकी है। अब बरेली में भी यही कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि बाजार और धार्मिक स्थलों के नाम पर नगर निगम और सरकारी जमीनों पर अवैध निर्माण हुआ है। अब बरेली में एक इंच भी सरकारी या नगर निकाय की जमीन कब्जे में नहीं रहने दी जाएगी। मंत्री जी के बयान से अनुमान लगाया जा रहा है कि कोतवाली क्षेत्र में स्थित पहलवान साहब की मजार के आसपास सरकारी जमीन पर बनी अवैध दुकानों पर भी बुलडोजर चलेगा।

देश और प्रदेश के विकास में चुंबक हैं नगरीय क्षेत्र 

नगर विकास मंत्री ने कहा कि जब नगर स्वच्छ, सुव्यवस्थित और तकनीकी रूप से सक्षम बनते हैं, तो निवेश, रोजगार और जनसुविधाओं के अवसर बढ़ते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्मार्ट सिटी मिशन” और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “सेफ सिटी” अभियान के तहत आज उत्तर प्रदेश के कई शहर देश में आदर्श उदाहरण बनकर उभरे हैं। उन्होंने कहा कि जैसा शहर होगा, वैसे लोग वहां आएंगे। अच्छे शहर में मेडिकल कॉलेज खुलते हैं, उद्योग लगते हैं और रोजगार बढ़ता है। देश की जीडीपी में 65 प्रतिशत योगदान नगरों का ही होता है।

मंत्री ने 84.55 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। “विकसित उत्तर प्रदेश, समर्थ उत्तर प्रदेश” अभियान इसी दिशा में एक व्यापक जनभागीदारी का प्रयास है, जिसमें समाज के प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बरेली जनपद में 84.55 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण एवं प्रस्तावित योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें लगभग 49.32 करोड़ रुपये की लागत से 130 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया इन परियोजनाओं में सड़कों एवं नालियों का निर्माण, नवनिर्मित पार्कों का विकास, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कार्य, स्मार्ट लाइटिंग सिस्टम, सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण एवं जलभराव निवारण कार्य शामिल हैं

24 करोड़ से मजबूत होगी ऊर्जा व्यवस्था

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि बरेली में 24 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत विभाग की कई परियोजनाएं पूरी की गई हैं, जिनमें 95 एमवीए की क्षमता वृद्धि और 33 केवी की नौ किलोमीटर लंबी नई लाइन का निर्माण प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से बरेली शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और अधिक विश्वसनीय, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण होगी। इससे न केवल उद्योगों और व्यापार को बल मिलेगा, बल्कि नागरिकों को भी सुगम जीवन सुविधा प्राप्त होगी। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि जनपद बरेली में पिछले तीन वर्षों में लगभग 1000 करोड़ रुपए के कार्य किए गए हैं।

मेयर उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, आईएमए अध्यक्ष डॉ अतुल श्रीवास्तव, यूपी चेम्बर ऑफ़ कोमर्स राजेश गुप्ता, आईवीआरआई के वैज्ञानिक अनुज चौहान, रुहेलखण्ड मेडिकल कालेज के एमडी डॉ केशव अग्रवाल आदि ने भी सरकारी योजाओं पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक नवाबगंज एमपी आर्या, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह एवं बहोरन लाल मौर्य, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, मुख्य अभियंता विद्युत ज्ञान प्रकाश, भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना आदि उपस्थित रहे।

आधुनिक सूटिंग रेंज का किया उद्घाटन

बरेली दौरे पर आए नगर विकास मंत्री एक शर्मा ने लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रायफल क्लब बरेली का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि रायफल क्लब न केवल युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देगा, बल्कि उन्हें अनुशासन, एकाग्रता और राष्ट्रभक्ति की भावना से भी जोड़ने का माध्यम बनेगा। मंत्री ने उद्घाटन करने के दोरान राइफल और पिस्तौल से निशाना भी साधा। इस मौके पर कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी, मेयर उमेश गौतम, रायफल क्लब पदाधिकारी नवाब मुशाहिद हसन खां, केबी त्रिपाठी, प्रगतिशील कृषक अनिल साहनी, खिलाड़ी कमल सेन आदि कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.