Friday, January 30, 2026

Mathura News:मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और किशोरियों को किया जागरूक

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 18, 2025

 Mathura News:मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और किशोरियों को किया जागरूक

जागरण टुडे, मथुरा

उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को मथुरा जिले में महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दो चौपाल कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ये कार्यक्रम उच्च प्राथमिक विद्यालय डेहरूआ, मथुरा और ब्रज धाम विद्या मंदिर, टेकमेशन सिटी, मथुरा में संपन्न हुए।

चौपालों का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना था। इस दौरान वन स्टॉप सेंटर (प्रथम/द्वितीय) की टीम और चाइल्ड लाइन मथुरा के प्रतिनिधियों ने विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में लगभग 850 बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञों ने बताया कि महिलाएं और किशोरियां किसी भी विषम परिस्थिति में तुरंत मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर — 1090 (महिला शक्ति हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता), 112 (आपातकालीन सेवा) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) — पर संपर्क कर सकती हैं।

चाइल्ड लाइन और वन स्टॉप सेंटर की टीम ने बाल विवाह, घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, मानव तस्करी और साइबर अपराध जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की। उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए निरंतर योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

विद्यालयों के शिक्षकों और अधिकारियों ने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आत्मविश्वास, शिक्षा और जागरूकता ही महिलाओं की सबसे बड़ी शक्ति है। मिशन शक्ति अभियान ऐसे प्रयासों के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को न केवल सशक्त बना रहा है, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का भी कार्य कर रहा है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.